Headlines

पंजाब CM मान को मिली बम धमकी, खुफिया एजेंसी अलर्ट; सुरक्षा बढ़ाई गई

बठिंडा.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिए भेजी गई धमकी में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के नाम का इस्तेमाल किया गया है।

ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाने की धमकी देते हुए दावा किया गया है कि पांच सितंबर को बठिंडा में उन्हें निशाना बनाया जाएगा। धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह से करते हुए उन पर सिख युवाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के आरोप लगाए गए हैं। इसके साथ ही ईमेल में आज अदालत परिसर सहित अन्य स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े कुछ लोगों के नामों का भी उल्लेख किया गया है।

ईमेल में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में मानव बम के रूप में शामिल रहे दिलावर सिंह का भी जिक्र किया गया है। इसमें लोगों से अपने बच्चों को दिलावर सिंह के बारे में बताने की बात कही गई है। गौरतलब है कि दिलावर सिंह का पैतृक गांव जै सिंह वाला बठिंडा जिले में स्थित है। कुछ सिख संगठनों की ओर से 31 अगस्त को उसका शहीदी दिवस भी मनाया जाता है। धमकी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ईमेल की सत्यता, इसके स्रोत और धमकी देने वालों की पहचान का पता लगाने के लिए साइबर और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हैं। पुलिस की ओर से संभावित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *