Headlines

SH-58 पर तीन महीने में तैयार होगा टोल प्लाजा, वाहन चालकों की बढ़ेगी जेब पर मार

नवगछिया
 नवगछिया-भटगामा-उदाकिशुनगंज स्टेट हाईवे-58 पर सफर करने वाले वाहन चालकों को जल्द टोल टैक्स देना पड़ सकता है। इस मार्ग पर यूजर फी (टोल टैक्स) वसूली की तैयारी के तहत नवगछिया जीरोमाइल से कुछ किलोमीटर आगे स्टेट हाईवे पर अत्याधुनिक टोल प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है।

पिछले करीब 10 दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। जबकि लगभग दो महीने पूर्व इसका भूमि पूजन गुपचुप तरीके से कराया गया था। पथ निर्माण विभाग के जेई मनोज कुमार ने बताया कि टोल प्लाजा निर्माण को अगले करीब तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से यूजर फी वसूली की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। बताया गया कि स्टाल पर कामर्शियल वाहनों को शुल्क देना होगा। वहीं प्राइवेट वाहनों एवं बाइक को छूट मिलेगी।

अभी भागलपुर-मधेपुरा का मुख्य मार्ग है एसएच-58
एसएच-58 नवगछिया से भटगामा होते हुए उदाकिशुनगंज और मधेपुरा का मुख्य मार्ग बना हुआ है। बिहपुर में एनएच-106 के पुल निर्माण के बाद ही इस मार्ग का वैकल्पिक मार्ग लोगों को मिल सकेगा। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।

टोल प्लाजा चालू होने के बाद इस मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। हालांकि, टोल की दर, स्थानीय वाहनों को मिलने वाली छूट और वसूली शुरू होने की तिथि को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *