Headlines

‘फिट इंडिया’ के तहत तीन दिवसीय इंटरनेशनल महिला कार्निवल का शुभारंभ

नई दिल्ली
फिट इंडिया मूवमेंट ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्निवल शुरू किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को मनाया जाता है। इस कार्यक्रम की थीम ‘मजबूत महिलाएं, मजबूत राष्ट्र’ है। इसमें सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और दिल्ली पुलिस जैसे भारत के सशस्त्र बलों और सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी 500 से अधिक महिलाएं भाग ले रही हैं। इसमें फिटनेस गतिविधियों और खेलों के माध्यम से महिलाओं की ताकत, लचीलेपन और नेतृत्वक्षमता को उजागर किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत में कई प्रख्यात हस्तियों ने भाग लिया और फिटनेस, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। इनमें पैरालंपिक पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार पाने वाली प्रीति पाल, प्रसिद्ध पोषण विशेषज्ञ निधि निगम और तन्वी तुतलानी, उद्यमी युक्ति आर्य, ध्यान विशेषज्ञ निवेदिता श्रेयंस, योग विशेषज्ञ दिव्या आहूजा और पंखुड़ी श्रीवास्तव, फिजियोथेरेपिस्ट गरिमा बिस्वास और फिट इंडिया चैंपियन टिम्सी बेक्टर शामिल थीं।

प्रीति पाल ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जब मैंने खेल में अपने करियर की शुरुआत की, तो कई लोगों ने कहा कि मैं कुछ भी हासिल नहीं कर पाऊंगी। मैंने उन आलोचनाओं को प्रेरणा में बदल दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ठान लिया था कि अगर वह मानते हैं कि मैं कुछ नहीं कर सकती तो मैं साबित कर दूंगी कि मैं बहुत कुछ कर सकती हूं। हमेशा याद रखें कि हम महिलाएं हैं और हम कुछ भी हासिल कर सकती हैं, कभी किसी को यह न कहने दें कि आप अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकतीं।’’

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *