2 नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड को लेकर 12वीं के छात्र का अपहरण

बिलासपुर.

शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि 12वीं के एक छात्र को स्कूल के सामने ही चाकू की नोक पर अगवा कर मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने तीन छात्रों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का अपराध दर्ज किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि अपहरण करने वालों में दो छात्र नाबालिग हैं, जबकि एक छात्र केवल दो माह पहले ही बालिग (18 वर्ष) हुआ है। तीनों स्कूली छात्र हैं।

मेडिकल एजेंसी संचालक व अमेरी रोड, देवेंद्र नगर निवासी हर्ष द्विवेदी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार उनका बेटा यज्ञ द्विवेदी, जो सिविल लाइन क्षेत्र के अमेरी चौक स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है, 11 फरवरी की सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के सामने सफारी वाहन (CG 10 N 7511) से पहुंचे तीन स्कूली छात्रों ने उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों में से एक ने यह कहते हुए विवाद किया कि वह उसकी गर्लफ्रेंड से बात क्यों करता है। विरोध करने पर आरोपियों ने यज्ञ के गले पर चाकू अड़ा दिया और जबरन वाहन में बैठा लिया। इसके बाद छात्र को गोविंदम पैलेस के पीछे ले जाकर मारपीट की गई।

तीन आरोपी, दो नाबालिग
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों में से केवल एक छात्र उसी स्कूल में पढ़ता है, जबकि बाकी उसके दोस्त हैं। एक आरोपी कक्षा 9वीं का छात्र है, दूसरा 12वीं में पढ़ता है। तीनों में से दो नाबालिग हैं, जबकि एक छात्र दो माह पहले ही बालिग हुआ है।

पहले से चल रहा था विवाद
यह भी सामने आया है कि छात्रों के बीच पहले से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। यह भी चर्चा है कि आहत छात्र द्वारा एक आरोपी को मैसेज कर बुलाया गया था, जिसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। हालांकि पुलिस इन बिंदुओं की पुष्टि जांच के बाद ही करेगी। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। दूसरी ओर, आहत छात्र को चोटें आई हैं।

सफारी गाड़ी और बेसबॉल बैट जब्त
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त सफारी गाड़ी समेत मारपीट में इस्तेमाल हुई बेसबॉल बैट भी जब्त की है। दोनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है तथा एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जांच के बाद सारे तथ्य सामने आ सकेंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *