Headlines

पटियाला जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली, पुलिस और बम स्क्वॉड जांच में जुटे

पटियाला.

पटियाला की जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को अदालत परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर अदालत परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

घटना के बाद अदालत परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। जानकारी के अनुसार जिला अदालत की इमारत को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार का जोखिम न लेते हुए तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया। अदालत परिसर में मौजूद वकीलों को अपने-अपने चेंबर खाली करने के लिए कहा गया, जबकि आम लोगों और अन्य कर्मचारियों को भी सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस टीमों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की।

सीनियर अधिकारियों ने संभाली कमान
मौके पर उप पुलिस अधीक्षक संजीव सिंगला भी पहुंचे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने अदालत परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की। परिसर में आने-जाने वाले सभी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। तलाशी अभियान पूरा होने तक अदालत परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा गया।

ईमले का स्रोत जानने में जुटी पुलिस
सुरक्षा एजेंसियां व पुलिस का साइबर सेल एक्टिव हो गया है। ईमेल के स्रोत और उसकी सत्यता की भी जांच की जा रही हैं। साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी भरा संदेश कहां से भेजा गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वकीलों, कर्मचारियों और वहां पहुंचे लोगों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल दिया गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *