भोपाल
राजधानी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जनप्रतिनिधियों के आवास भी सुरक्षित नहीं हैं। निवाड़ी विधायक अनिल जैन के भोपाल में प्रोफेसर कॉलोनी स्थित सरकारी बंगले में खिड़की के सरिए तोड़कर चोर अंदर घुसे और कमरे में रखी एलईडी टीवी, चश्मा और डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे चोरी कर ले गए। विधायक के बंगले में चोरी की यह तीसरी वारदात बताई जा रही है। खास बात यह है कि पहले हुई चोरियों में भी टीवी और ड्रायफ्रूट्स ही चोर लेकर गए हैं।
खिड़की के सरिए टूटे मिले

पुलिस के अनुसार, फरियादी कालीचरण अहिरवार (73), निवासी गोपाल नगर, अवधपुरी, दुग्ध महासंघ से सेवानिवृत्त हैं और विधायक के बंगले पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को दोपहर 12 बजे बंगले पहुंचे थे, तब सब कुछ सामान्य था। अगले दिन 4 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे पहुंचे तो खिड़की के सरिए टूटे मिले।
अंदर जांच करने पर विधायक के कमरे से एलईडी टीवी, डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे और चश्मा गायब मिले। कर्मचारी ने बताया कि चोरी 3 नवंबर दोपहर 1 बजे से 4 नवंबर दोपहर 3 बजे के बीच हुई है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरी बार चोरी, हर बार टीवी और ड्रायफ्रूट्स पर हाथ साफ
विधायक अनिल जैन के बंगले को चोर पहले भी दो बार निशाना बना चुके हैं। दोनों वारदातों में बंगले से टीवी और ड्रायफ्रूट्स चोरी होने की बात सामने आई है। बार-बार एक ही तरह की चोरी होने के बावजूद आरोपितों का फिर वारदात को अंजाम देना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
