भगवान शिव को समर्पित सावन का महीना हिंदू धर्म में बेहद पवित्र और फलदायी माना जाता है. इस पूरे समय में भक्त भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं, मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं और सोमवार का व्रत रखते हैं. हर साल सावन शुरू होने से पहले लोगों के मन में एक सवाल जरूर उठता है कि इस बार सावन में कितने सोमवार पड़ेंगे 4 या 5? तो आइए जानते हैं.
कब से शुरू होगा सावन 2026?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में सावन का महीना 30 जुलाई, गुरुवार से आरंभ होगा और 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के साथ समाप्त होगा. इस दौरान शिव भक्त पूरे श्रद्धा भाव से पूजा, रुद्राभिषेक और व्रत करते हैं.
इस साल उत्तर भारत के अनुसार सावन में कुल 4 सोमवार पड़ रहे हैं.
पहला सोमवार: 3 अगस्त 2026
दूसरा सोमवार: 10 अगस्त 2026
तीसरा सोमवार: 17 अगस्त 2026
चौथा सोमवार: 24 अगस्त 2026

हर साल क्यों होता है असमंजस की स्थिति?
सावन की तिथियों को लेकर हर साल अलग-अलग जानकारी सामने आती है क्योंकि भारत में दो तरह के पंचांग प्रचलित हैं. उत्तर भारत में पूर्णिमांत पंचांग का पालन किया जाता है, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अमांत पंचांग मान्य है. इसी वजह से सावन की शुरुआत और समाप्ति में अंतर आ जाता है, और सोमवार की संख्या भी बदल सकती है.
सावन सोमवार का धार्मिक महत्व
मान्यता है कि सावन के सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा करने से जीवन की इच्छाएं पूरी होती हैं. इस दिन शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित की जाती है. कहा जाता है कि सच्चे मन से की गई पूजा से भोलेनाथ जल्दी प्रसन्न होते हैं. अविवाहित लोग अच्छे जीवनसाथी की कामना से व्रत रखते हैं, वहीं विवाहित लोग सुख-शांति और समृद्धि के लिए यह व्रत करते हैं.
