Headlines

झारखंड में आधुनिक मत्स्य पालन को बढ़ावा, मोती खेती से लेकर वन उत्पादों तक दिखी खास झलक

रांची
नयी दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आइआइटीएफ)-2026 में झारखंड पवेलियन की मोती की खेती आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. राज्य में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन जैसी आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है. पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने बताया कि झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है.

हजारीबाग में मोती उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
हजारीबाग को भारत सरकार ने मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया है. यहां बड़े पैमाने पर यह काम हो रहा है. भविष्य में अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है. उन्होंने बताया कि अब मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनायी जा रही है. इसके तहत एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किये जा सकते हैं. इससे प्राप्त मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होता है.

स्वरोजगार और वन उत्पादों को बढ़ावा
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मछली बिक्री किट और तीन-चार पहिया वाहनों का वितरण भी किया जा रहा है. जलाशयों और खदानों में मत्स्य पालन तथा बीमा योजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. झारखंड पवेलियन में वन उत्पादों का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र है. यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता प्रदर्शित किये गये हैं. लाख की चूड़ियां-कंगन और महुआ के लड्डू आगंतुकों को लुभा रहे हैं.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *