Headlines

बिहार में चौंकाने वाला मामला, Amazon डिलीवरी से 314 लीटर शराब बरामद; ऑनलाइन तस्करी का पर्दाफाश

समस्तीपुर.

बिहार के समस्तीपुर जिले में मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शनिवार को अमेजन (ऑनलाइन शापिंग कंपनी) के डिलीवरी सर्विस पार्सल पार्टनर विंग के आफिस में छापा मारकर शराब की खेप बरामद की। यहां मछली दाना की बुकिंग की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। इस संबंध में तीन लोगों पर प्राथमिकी की गई है।

शराब की यह खेप शराब कल्याणपुर थाना क्षेत्र के लदौरा पंचायत भवन के समीप वीरेंद्र कुमार के यहां डिलीवर होनी थी। इसे प्लास्टिक की 20 बाल्टियों में पैक किया गया था। जितवारपुर स्थित वेयर हाउस में पार्सल से शराब की गंध आने के बाद कूरियर कंपनी ने इसकी सूचना अमेजन के प्रतिनिधि और पुलिस को दी।

पार्सल खोला तो पुलिस के उड़े होश
मौके पर पहुंची पुलिस ने पार्सल को खोला तो होश उड़ गए। बोरे के भीतर प्लास्टिक की बाल्टी में मछली दाना की जगह शराब भरी थी। पुलिस टीम ने एक-एक कर सभी 20 बंद पैकेट को खोलकर देखा और जब्त कर लिया। कुल 252 लीटर बीयर और 62 लीटर अंग्रेली शराब मिली।
बोतलों को बाल्टी के अंदर रखकर उसे जूट के बोरे से इस तरह पैक किया गया था कि पता नहीं चल सके। इस दौरान एक पैकेट से शराब जैसी महक आने पर कूरियर कर्मी ने टीम लीडर को सूचना दी।

मुंबई से भेजा गया था पार्सल
जांच में पता चला कि मुंबई के रहने वाले सेलर आदर्श कुमार और गुंजेश कुमार ने यह पार्सल रांची से भेजा था। इसकी सप्लाई वीरेंद्र कुमार को होनी थी। इन तीनों के खिलाफ कूरियर कंपनी के चैनल टीम लीडर केशव कुनाल सिन्हा ने प्राथमिकी कराई है। एफआइआर में मोबाइल नंबर और पैन कार्ड की जानकारी भी कंपनी ने पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि शराब जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन शापिंग साइट का उपयोग कर शराब मंगाना कानून का गंभीर उल्लंघन है। इस नेटवर्क को खंगालने का काम जारी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *