Headlines

MPPSC Main Exam 2026 का शेड्यूल जारी, सुबह 10 बजे परीक्षा; 90 मिनट पहले मिलेगी केंद्र में एंट्री

इंदौर

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा – 2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर के बीच होने जा रहा है। इंदौर स्थित आयोग के णुख्यालय की ओर से इसकी गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। 156 पदों के लिए होने वाली परीक्षा के लिए निर्धारित समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। हालांकि, अभ्यर्थियों को परीक्षा से 90 मिनट पहले यानी सुबह 8.30 से 9:00 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, तभी वो परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी एमपीपीएससी की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन प्रदेश के 12 संभागीय एवं जिला मुख्यालयों पर एक शिफ्ट में किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इसमें 3775 अभ्यर्थी ( 3044 मुख्य श्रेणी, 731 प्राविधिक श्रेणी ) शामिल होने जा रहे हैं।

12 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत 12 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचना होगा। प्रत्येक केंद्र पर एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। ये ऑब्जर्वर परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों की जांच – परख करेगा। परीक्षा के जरिए 156 पदों को भरा जाएगा। इसमें सामान्य वर्ग के 41, एससी वर्ग के 20, एसटी वर्ग के 33, ओबीसी के 42 और ईडब्ल्यूएस के 20 पद शामिल हैं।

परीक्षा केंद्र में ला सकेंगे बस ये चीजें
आयोग की ओर से परीक्षार्थियों को स्पष्ट रूप से बताया जा रहा है कि, सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर अपने साथ सिर्फ बॉल पेन, पानी की एक पारदर्शी बोतल, ई-प्रवेश पत्र और आईडी कार्ड ला सकेंगे। इसके अलावा, अगर किसी की कोई जरूरी दवाइयां हैं तो वो भी साथ रखकर ला सकेगा।

परीक्षा केंद्रों में होगी 3 लेयर चेकिंग
इस बार परीक्षा केंद्रों पर थ्री लेयर चेकिंग की व्यवस्था की गई। इसके तहत सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, ई-प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी और वीओआईपी व्यवस्था की गई है। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष वीक्षकों और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा निर्धारित केबिन में की जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक कर आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
इसके अलावा, राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन 27 सितंबर 2026 को किया जाएगा। वहीं, इस परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर भी विजिट कर सकते हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *