Headlines

Punjab News: राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, गेहूं के साथ अब मिलेगी ‘मेरी रसोई किट’

चंडीगढ़.

चंडीगढ़.पंजाब के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने ‘नो कैश, नो फरमाइश’ नीति के तहत 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी किए हैं। इसके जरिए अब लाखों ऐसे परिवारों को मुफ्त राशन का लाभ मिलेगा, जो पहले सरकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं से बाहर रह गए थे। खास बात यह है कि नए राशन कार्ड लाभार्थियों के घर तक पहुंचाए जाएंगे।

हर महीने मिलेगा 5 किलो मुफ्त गेहूं और राशन किट
मुख्यमंत्री भगवंत मान के मुताबिक, नए लाभार्थियों को हर महीने प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त गेहूं दिया जाएगा। इसके साथ ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों के तेल वाली राशन किट भी मुफ्त मिलेगी। लाभार्थी अपने मोबाइल पर मिले एसएमएस को राशन डिपो में दिखाकर किट प्राप्त कर सकते हैं। मुफ्त गेहूं का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरी करना भी जरूरी होगा।

चार लाख मजदूरों समेत इन परिवारों को प्राथमिकता
सरकार के अनुसार, नए लाभार्थियों में करीब चार लाख मजदूर शामिल हैं। इसके अलावा विधवा महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC) परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले पंजाब को आवंटित 1.48 करोड़ राशन कार्डों में से करीब 10 लाख कार्ड अलग-अलग कारणों से काट दिए गए थे। ऐसे परिवारों को दोबारा योजना से जोड़ने के लिए नए कार्ड जारी किए गए हैं।

घर पहुंचेंगे राशन कार्ड, दूसरे चरण में भी मिलेगा मौका
भगवंत मान ने बताया कि जुलाई 2026 में शुरू की गई डिजिटल प्रक्रिया के तहत आवेदन और लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया। करीब 1.25 लाख लोगों को गलत पता दर्ज होने के कारण अपने विवरण सुधारने का मौका भी मिलेगा। वहीं, पहले चरण में चयनित नहीं हो सके पात्र परिवारों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। सरकार दूसरे चरण में भी उनके आवेदनों पर विचार करेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *