जालंधर में विरोध तेज: 7 सांसदों के इस्तीफे के बाद Harbhajan Singh के घर पर ‘गद्दार’ लिखकर जताया गुस्सा

जालंधर.

सात राज्यसभा सदस्यों के आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद पंजाब की राजनीति में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जालंधर में राज्यसभा सांसद व क्रिकेटर रहे हरभजन सिंह के घर के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दीवारों पर नारे लिखे और विरोध जताते हुए गुस्से का इजहार किया।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने हरभजन सिंह के घर के बाहर दीवार पर ‘गद्दार’ लिख दिया, जिससे पूरे इलाके में माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सिर पर काले कपड़े बांध रखे थे, जो उनके विरोध का प्रतीक माना जा रहा है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए इस्तीफा देने वाले नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यकर्ताओं को फूटा गुस्सा
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सात राज्यसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। उनका आरोप है कि जिन नेताओं को जनता और पार्टी ने सम्मान दिया, उन्होंने अचानक दल बदलकर भरोसे को ठेस पहुंचाई है। इसी गुस्से के चलते कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालांकि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने की अपील की।

मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह घटनाक्रम आने वाले समय में और तूल पकड़ सकता है। पार्टी के अंदर और बाहर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे इस मुद्दे को लेकर आगे भी विरोध जारी रखेंगे और पार्टी नेतृत्व से सख्त कदम उठाने की मांग करेंगे। फिलहाल जालंधर में हुए इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि इस्तीफों का असर केवल राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर भी इसका व्यापक प्रभाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *