मुंबई
फिल्म मेकर संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एनिमल' के सीक्वल 'एनिमल पार्क' पर बड़ा अपडेट दिया है. एनिमल के जापान प्रीमियर के अवसर पर आयोजित एक वर्चुअल प्रेस मीट में संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म की शूटिंग, टाइटल और रणबीर कपूर के किरदार का खुलासा किया है.
जापान के वर्चुअल प्रेस मीट में संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि उन्होंने एनिमल के सीक्वल का नाम एनिमल पार्क क्यों रखा. साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वह एनिमल पार्क की शूटिंग अगले साल शुरू करने वाले हैं.
संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म के टाइटल के चुनाव के बारे में बात करते हुए कहा, 'मेरी अभी की फिल्म खत्म होने के बाद एनिमल पार्क जल्द ही शुरू होगी. फिल्म में और भी एनिमल्स होंगे क्योंकि अजीज भी एक एनिमल है. तो, इसे ध्यान में रखते हुए अब दोनों भाइयों के बीच एक जैसा लड़ाई है, इसलिए मुझे लगा कि एनिमल पार्क सही टाइटल होगा.'
इस दौरान वांगा ने फिल्म की शूटिंग के बारे में भी खुलासा किया है. फिल्म मेकर ने कहा, 'हम 2027 के बीच में शूटिंग शुरू करेंगे.' इस इवेंट में रणबीर कपूर जूम कॉल के जरिए जुड़े हुए थे. उन्होंने न सिर्फ अपने किरदार रणविजय सिंह को दोबारा निभाने के बारे में बात किया बल्कि विलेन अजीज का किरदार निभाने को लेकर भी अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की.
'बर्फी' एक्टर ने खुलासा किया कि वह 'एनिमल पार्क' में डबल रोल निभाने वाले हैं. उन्होंने कहा, 'मैं संदीप के साथ सेट पर वापस जाने के लिए काफी एक्साइटेड हूं. साथ अपने इस किरदार (रणविजय सिंह ) और दूसरे नए किरदार को निभाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं. क्योंकि यह एक कंटिन्यू चलने वाली स्टोरी है, इसलिए पार्ट वन की शूटिंग के दौरान ही उनके दिमाग में पार्ट टू की कहानी बहुत साफ थी. इसलिए, एक एक्टर के तौर पर यह मेरे लिए बहुत प्रेरणादायक है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं और संदीप पूरे हफ्ते या महीने एक-दूसरे से बात करते रहते हैं और अलग-अलग आइडिया पर चर्चा करते रहते हैं. मैं सच में रणविजय और अजीज का किरदार निभाने के लिए सेट पर वापस जाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.'

