लुधियाना.
पंजाब राज्य के सभी सरकारी प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों में 28 मार्च, शनिवार को एक विशाल 'मैगा पी.टी.एम.' (अभिभावक अध्यापक मीटिंग) और अभिभावकों की वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि पहले विभाग द्वारा 30 मार्च को पी. टी. एम. आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस मिलनी का समय सबह 8.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य पहली से 11 वीं (नॉन-बोर्ड) कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा करना और विद्यार्थियों को उनके 'होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड' वितरित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जानी है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्कूल आने और अगली कक्षा में दाखिला लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभिभावकों के लिए विशेष जागरुकता और नई योजनाएं
इस मैगा पी.टी.एम. के दौरान अभिभावकों को विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया जाएगा। स्कूल प्रमुख और अध्यापकों द्वारा अभिभावकों को विद्यार्थियों की हाजिरी से संबंधित "एस.एम.एस. अलर्ट" प्रणाली की जानकारी दी जाएगी, जिसके तहत यदि कोई विद्यार्थी लगातार तीन दिन गैर-हाजिर रहता है, तो एम.आई.एस,- 2.0 क माध्यम से अभिभावकों को ऑटोमैटिक मैसेज भेजा जाएगा। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए चलाए जा रहे 'एच. पी. वी.' टीकाकरण अभियान और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 'कौशल शिक्षा' योजना पर भी विशेष चर्चा की जाएगी।अभिभावकों को शिक्षा विभाग की नई पहल 'मिशन समर्थ' और 'कॉम्पिटेंसी एनहांसमैंट प्लान' के बारे में भी बताया जाएगा।
स्कूलों में प्रबंध और उच्चाधिकारियों द्वारा निरीक्षण :
पी.टी. एम. को सफल बनाने के लिए स्कूलों में विशेष 'क्लीनलीनैस ड्राइव' चलाई जाएगी और स्थानीय गुरुद्वारों या मंदिरों से घोषणाएं करवाकर अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा। मिलनी के दिन अभिभावकों, एस.एम.सी. सदस्यों और अन्य कम्युनिटी मैकर्स के बैठने और चाय पानी का उचित प्रबंध किया जाएगा। विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए विभिन्न विषयों की प्रदर्शनिया भी लगाई जाएंगी। इस कार्यक्रम की निगरानी के लिए डी.ई.पी.ई.ओ. और अन्य जिला व ब्लॉक अधिकारी स्कूलों का दौरा करेंगे और अभिभावकों से फीडबैक लेंगे। विभाग द्वारा सभों स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मिलनी के बाद दोपहर 1 बजे तक अपनी रिपोर्ट और फोटो गूगल फॉर्म के माध्यम से मुख्य दफ्तर को भेजें।

