कल बंद होंगे NEET आवेदन: देश में 1.29 लाख MBBS सीटें, इन 4 बदलावों पर रखें नजर

नई दिल्ली

नीट यूजी 2026 के लिए कल 8 मार्च 2026 आवेदन की अंतिम तिथि है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में बैठने के इच्छुक जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे फौरन neet.nta.nic.in पर जाकर एप्लाई करें। अभ्यर्थी 10 मार्च से 12 मार्च के बीच आवेदन फॉर्म में करेक्शन कर सकेंगे। एग्जाम सिटी व एडमिट कार्ड की डेट को लेकर एनटीए बाद में सूचित करेगा। नीट यूजी परीक्षा 3 मई, 2026 को होगी। नीट परीक्षा के जरिए देश के एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीयूएमएस, बीएचएमएस, बीएससी नर्सिंग, बीवीएससी एंड एएच कोर्सेज में दाखिला मिलता है। इस वर्ष से फिजियोथेरेपी कोर्स में भी नीट यूजी से ही दाखिला होंगे।

नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के ताजा आंकड़ों मुताबिक देश के 824 मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 129603 हजार सीटें हैं। देश में सरकारी मेडिकल संस्थानों की संख्या 450 और एमबीबीएस सीटों की संख्या 63160, निजी मेडिकल संस्थानों की संख्या 374 और एमबीबीएस सीटों की संख्या 66443 है।

4 अहम बदलाव

1- रियल-टाइम लाइव फोटो

इस बार आवेदन प्रक्रिया में कई अहम बदलाव किए गए हैं। एनटीए ने रियल-टाइम लाइव फोटो को अनिवार्य कर दिया है। एनटीए के नोटिफिकेशन के अनुसार अब केवल पुरानी पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करना पर्याप्त नहीं होगा। फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को वेबकैम या मोबाइल कैमरे से अपनी लाइव फोटो क्लिक करनी होगी। फोटो लेते समय टोपी, नजर का चश्मा या धूप का चश्मा पहनना मना है। एनटीए ने निर्देश दिया है कि फोटो में उम्मीदवार का चेहरा फ्रेम का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा कवर करे। चेहरे पर किसी तरह की छाया, मास्क या फिल्टर नहीं होना चाहिए।

2. आधार आधारित eKYC हुआ अनिवार्य

नीट यूजी 2026 के लिए आधार आधारित eKYC को अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन करने वाले छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर चालू हो। NTA ने साफ तौर पर कहा है कि आवेदन से पहले आधार से लिंक मोबाइल नंबर में नेटवर्क होना जरूरी है, ताकि वेरिफिकेशन के दौरान कोई दिक्कत न आए। आधार कार्ड का एक्टिव मोबाइल नंबर से लिंक होना जरूरी है, क्योंकि रजिस्ट्रेशन ओटीपी के जरिए आगे बढ़ेगा।

3- रैंडम परीक्षा केंद्र नहीं चुन सकेंगे

रैंडम परीक्षा केंद्र नहीं चुन सकेंगे अब छात्र अपनी मर्जी से किसी भी रैंडम शहर को परीक्षा केंद्र नहीं चुन सकेंगे। नए नियमों के अनुसार केंद्र का आवंटन केवल उम्मीदवार के स्थायी या वर्तमान पते के आधार पर होगा। गलत पता भरने पर आवेदन रद्द हो सकता है।

4- इस वर्ष से देश भर में फिजियोथेरेपी कोर्स में भी नीट यूजी से ही दाखिला होंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *