भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का मिला-जुला प्रदर्शन, तन्वी सहित कई पहुंचे अगले दौर

आसन (द. कोरिया)
ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए बुधवार को दूसरे दौर में जगह बना ली, लेकिन पुरुष सिंगल्स में विश्व चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत को पहले ही दौर में हारकर बाहर होना पड़ा।

तीसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने चीन की युआन एन क्वी को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। महिला सिंगल्स के अन्य मुकाबलों मे रक्षिता रामराज ने शानदार वापसी करते हुए कोरिया की यू आ योन को 22-24, 21-12, 21-13 से हराया। वहीं मानसी सिंह ने किम जू यून को 14-21, 21-19, 21-9 से मात दी।

इशारानी बरुआ ने स्थानीय खिलाड़ी ली सो युल को 21-18, 15-21, 21-7 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। आठवीं वरीयता प्राप्त अनमोल खरब ने भी पहला गेम गंवाने के बाद हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को 16-21, 21-17, 21-12 से शिकस्त दी।

पुरुष सिंगल्स में श्रीकांत को इजरायल के डेनियल डुबोवेंको ने कड़े मुकाबले में 20-22, 21-14, 12-21 से हराया। किरण जार्ज, मिथुन मंजूनाथ, तरुण मन्नेपल्ली और रौनक चौहान भी पहले दौर में ही बाहर हो गए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *