Headlines

एआई समिट के लिए भारत पहुंचे ब्राजील के राष्ट्रपति, विदेश राज्य मंत्री ने किया स्वागत

नई दिल्ली

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा पांच दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया।विदेश विभाग ने आधिकारिक एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी दी। बताया ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा, राजकीय दौरे पर नई दिल्ली आए हैं। उनका विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने स्वागत किया।

एमईए ने उनकी यात्रा के दौरान होने वाली अहम बैठक का भी जिक्र किया। आगे लिखा कि इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति लूला इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे और फिर पीएम नरेंद्र मोदी संग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे लूला डा सिल्वा
मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने वाला करार दिया है। इस एक्स पोस्ट में आगे लिखा है, "भारत और ब्राजील के बीच करीबी और कई तरह के रिश्ते हैं। ये रिश्ते, जो रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे हैं, दरअसल, एक समान ग्लोबल विजन, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता में ही निहित हैं। राष्ट्रपति लूला की यात्रा से भारत-ब्राजील साझेदारी को जबरदस्त रफ्तार मिलेगी।

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। इस बार राष्ट्रपति लूला अपने साथ सैकड़ों कंपनियों के मालिकों और अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल लेकर पहुंचे हैं।

भारत पहुंचने के बाद राष्ट्रपति लूला 19 और 20 फरवरी को नई दिल्ली में हो रहे दूसरे एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। उन्होंने भारत रवाना होते समय पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे इस समिट में भाग लेंगे और भारत के साथ नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 2025 में भारत और ब्राजील के बीच व्यापार 15 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू से भी होगी मुलाकात
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा "दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं का समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर के भोज का आयोजन करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिनमें बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, बहुपक्षवाद, वैश्विक शासन और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।" राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन करेंगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *