Headlines

छह देशों की महिला हॉकी खिलाड़ियों के पौधरोपण से सजी ‘खेल वाटिका’

मंत्री सारंग ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी पदाधिकारियों के साथ किया खेल गांव का भ्रमण
खेल और युवा कल्याण मंत्री सारंग ने किया लोकार्पण
अंतर्राष्ट्रीय खेल मैत्री, एकता और पर्यावरण संरक्षण का बनेगी प्रतीक

भोपाल
नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय खेल मैत्री, एकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में विकसित की गई ‘खेल वाटिका’ का लोकार्पण खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। इस अवसर पर एशियन हॉकी फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ तथा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष मोहम्मद तैय्यब इकराम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

खेल वाटिका का सबसे विशेष आकर्षण यह है कि मध्यप्रदेश एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 में भाग लेने वाले सभी छह देशों की महिला हॉकी टीमों की खिलाड़ियों ने स्वयं पौधरोपण किया है। सभी प्रतिभागी देशों की खिलाड़ियों ने अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पौधे लगाए। प्रत्येक पौधा संबंधित देश की सहभागिता, अंतर्राष्ट्रीय मित्रता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मंत्री सारंग ने कहा कि खेल वाटिका अंतर्राष्ट्रीय खेल मैत्री, एकता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रतीक है। एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में भाग लेने वाले सभी छह देशों की खिलाड़ियों ने स्वयं पौधरोपण कर इस वाटिका को विशेष पहचान दी है। अलग-अलग देशों की खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए ये पौधे खेल भावना से आगे बढ़कर आपसी मित्रता, सद्भावना और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देंगे। खेल वाटिका नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर की स्थायी विरासत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को खेलों के साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

हॉकी इंडिया एवं खेल और युवा कल्याण विभाग की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य खेलों को केवल प्रतिस्पर्धा और पदक तक सीमित न रखते हुए उन्हें सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सद्भावना से जोड़ना है। खेल वाटिका में लगाए गए पौधे इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की स्मृतियों को लंबे समय तक जीवंत रखेंगे। भविष्य में यहां आने वाले अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी पौधरोपण कर इस परंपरा को आगे बढ़ा सकेंगे।

खेल वाटिका के लोकार्पण के बाद मंत्री सारंग ने एशियन हॉकी फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट भोला नाथ एवं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष मोहम्मद तैय्यब इकराम के साथ खेल गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं परिसर में विकसित की गई खेल अधोसंरचनाओं का अवलोकन किया। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी पदाधिकारियों ने भी खेल गांव की व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *