Headlines

पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले की जांच तेज, अब वित्तीय लेन-देन खंगालेगी ईडी

 लखनऊ
उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है। वर्ष 2014 में 1198 पदों पर हुई भर्ती में कथित अनियमितताओं की पड़ताल के लिए ईडी की लखनऊ टीम ने आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) से जांच से जुड़े दस्तावेज और आरोप पत्र मांगे थे।

कागजात मिलने के बाद ईडी ने इस मामले में पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।

ईडी की जांच का दायरा भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों से आगे बढ़कर इसमें शामिल लोगों के वित्तीय लेन-देन और संभावित आर्थिक लाभ तक पहुंच सकता है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर सकती है कि भर्ती में अनियमितताओं के जरिए किसे और किस स्तर पर लाभ पहुंचाया गया। इसके साथ ही कथित भ्रष्टाचार से अर्जित धन के निवेश और संपत्तियों के निर्माण की कड़ियां भी जांच के केंद्र में रह सकती हैं।

वर्ष 2014 में तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में 17 मंडलों में 1198 पशुधन प्रसार अधिकारियों की भर्ती हुई थी। चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी, ओएमआर शीट के मूल्यांकन और चयन में गड़बड़ी के आरोप लगे थे।

मामले की जांच ईओडब्ल्यू कर रही है। इस प्रकरण में तत्कालीन प्रमुख सचिव रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। हालांकि मंत्री रहे राज किशोर सिंह पर कार्रवाई की मंजूरी नहीं मिली है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *