भोपाल में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्षों के इंटरव्यू संपन्न, जल्द होगी नियुक्ति

भोपाल

 मध्य प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्षों के चयन हेतु साक्षात्कार राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 20 एवं 21 फरवरी को आयोजित किए गए। इन साक्षात्कारों में प्रदेश भर से लगभग ढाई सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने-अपने जिलों के प्रतिनिधित्व के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।

साक्षात्कार प्रक्रिया में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रतिनिधि तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक और एससी विभाग के प्रदेश प्रभारी भगवती प्रसाद चौधरी विशेष रूप से शामिल रहे। पैनल ने सभी अभ्यर्थियों से संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक कार्य, दलित समाज के मुद्दों पर कार्य तथा पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़े प्रश्न पूछे।

अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जल्द ही पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी से विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके पश्चात विभाग के प्रदेश प्रभारी श्री चौधरी से विमर्श कर तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम की अनुशंसा के आधार पर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया संगठन को मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर दलित समाज की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से की जा रही है। नए पदाधिकारियों के चयन से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और पार्टी की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *