कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए तैयार भारत, खिलाड़ियों ने भरी जीत की उड़ान

नई दिल्ली
समूचे भारत की उम्मीद लिए मंगलवार को भारतीय खिलाड़ियों, कोच व स्टाफ का दल ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए स्काटलैंड रवाना हुआ। भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) ने दल को शानदार विदाई दी और साथ ही आधिकारिक सेरेमोनियल और प्रतियोगिता किट का अनावरण किया। इस किट को खिलाड़ी ग्लासगो में पहनेंगे।

विदाई समारोह में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, गणमान्य व्यक्ति और साझेदार शामिल हुए कार्यक्रम में खेल मंत्री मनसुख मांडविया, आइओए अध्यक्ष पीटी उषा, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन और कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह शामिल हुए।

मांडविया ने कहा कि हमारे खिलाड़ी नए भारत की खेल उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और आकांक्षाओं के राजदूत हैं। जब टीम इंडिया ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अपनी यात्रा शुरू कर रही है तो मैं हर खिलाड़ी से आग्रह करता हूं कि वे निडर होकर प्रतिस्पर्धा करें, खेल भावना का सर्वोच्च सम्मान करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

खेल सचिव हरि रंजन राव, शेफ डी मिशन रोहित राजपाल और डिप्टी शेफ डी मिशन रवि बेंगानी भी कुछ खिलाड़ियों और कोचों के साथ मौजूद थे। उषा ने कहा कि आज भारतीय खेल के लिए एक और गौरवशाली अध्याय की शुरुआत हो रही है। भारत की जर्सी पहनने वाले हर खिलाड़ी ने वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और त्याग के माध्यम से यह अवसर अर्जित किया है। मैं टीम इंडिया के हर सदस्य को शुभकामनाएं देती हूं।

विदाई समारोह में खिलाड़ियों ने रैंप वाक भी किया, जिसमें सेरेमोनियल और प्रतियोगिता दोनों तरह की पोशाकें प्रदर्शित की गईं। मशूहर डिजाइनर आकिब वानी द्वारा बनाई गई और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स द्वारा विकसित आधिकारिक राष्ट्रमंडल खेल 2026 किट इनविजिबल ट्रैजेक्टरीज (अदृश्य प्रक्षेपवक्र) की अवधारणा से प्रेरित है।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *