Headlines

दिल्ली में हुई अहम बैठक: केवल ढिल्लों ने अमित शाह से मिलकर उठाए पंजाब के कानून-व्यवस्था और ड्रग्स के मुद्दे

चंडीगढ़
 पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने  नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य की कानून-व्यवस्था, नशे के बढ़ते कारोबार और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पंजाब की मौजूदा स्थिति और सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

ढिल्लों ने गृह मंत्री के समक्ष पंजाब में नशे के प्रसार, गैंग्सटर गतिविधियों, सीमा पार से होने वाली नशे और हथियारों की तस्करी तथा राज्य की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे रखे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब की सुरक्षा राष्ट्रीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

मुलाकात के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह पर आधारित एक पुस्तक और उनका चित्र भी भेंट किया। भाजपा ने इसे पंजाब की ऐतिहासिक विरासत और गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। पार्टी नेताओं के अनुसार महाराजा रणजीत सिंह पंजाब की एकता, वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक रहे हैं।

बैठक के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि उन्होंने गृह मंत्री को पंजाब के जमीनी हालात से अवगत कराया है। उनका कहना था कि राज्य में नशे की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है और इसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता है।

उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब की सुरक्षा और विकास के लिए निरंतर सहयोग का आग्रह किया। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि राज्य की आप सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के मुद्दों को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उठाती रहेगी और जनता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से केंद्र सरकार के समक्ष रखेगी।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *