Headlines

दबाव में नहीं, सिद्धांतों पर चलने वालों का सम्मान करता है इतिहास — राज्यसभा मुद्दे पर डॉ. इरफान अंसारी का बयान

रांची

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर अपने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को छोड़कर राज्यसभा जाने का कदम कहीं न कहीं हमें आत्मघाती राजनीतिक फैसला प्रतीत हो रहा है।

डॉक्टर अंसारी ने कहा कि हम समझ नहीं पा रहे हैं कि ऐसी क्या परिस्थिति उत्पन्न हुई कि आपको यह निर्णय लेना पड़ा। क्या आप पर किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव है? क्या आपको किसी प्रकार से मजबूर किया जा रहा है? यदि ऐसा है तो यह न केवल आपके लिए, बल्कि लोकतंत्र की भावना के लिए भी गंभीर विषय है। डॉ अंसारी ने कहा कि आप जैसे अनुभवी और दूरदर्शी नेता से हम सबको हमेशा स्थिरता और साहस की अपेक्षा रही है। यदि नेतृत्व परिवर्तन ही करना था, तो आपके पास विकल्प मौजूद थे – आप अपने उत्तराधिकारी को आगे बढ़ाते, उन्हें उपमुख्यमंत्री या मुख्यमंत्री बनाते और स्वयं मार्गदर्शक की भूमिका निभाते। फिर राज्यसभा जाने की इतनी जल्दबाज़ी क्यों? आपका यह फैसला केवल बिहार ही नहीं, बल्कि झारखंड समेत पूरे देश के राजनीतिक परिद्दश्य को चौंकाने वाला है। हम सभी स्तब्ध हैं। आपसे विनम्र आग्रह है कि अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार करें।

डाक्टर अंसारी ने कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव, प्रेशर या ब्लैकमेलिंग के सामने झुकना आपके व्यक्तित्व के अनुरूप नहीं है। लोकतंत्र में संवाद और सहयोग का मार्ग सदैव खुला रहता है। यदि किसी प्रकार की राजनीतिक प्रताड़ना हो रही है, तो खुलकर सामने आएं। डॉ अंसारी ने कहा कि देश की जनता और लोकतांत्रिक ताकतें आपके साथ खड़ी हैं। साहस के साथ निर्णय लीजिए – इतिहास उसी का सम्मान करता है जो दबाव में नहीं, बल्कि अपने विवेक से निर्णय लेता है।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *