लखनऊ ले जाया जा रहा था गांजा, सुलतानपुर में ट्रक पकड़ा गया

सुलतानपुर

जिले में पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्करों से 15 कुंतल 20 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसे ट्रक में 50 बोरियों में लादकर लखनऊ ले जाया जा रहा था। तस्करों की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के सिखरेड़ा के नासिर पुत्र अली हसन तथा लखनऊ के फतेहगंज पारा मोहन रोड निवासी वर्ष आर्या पुत्र जय नारायण के रूप में हुई है।

सीओ सौरभ सावंत ने बताया कि पुलिस टीम को उड़ीसा से लखनऊ की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा रखे होने की जानकारी मिली थी। इस पर कुड़वार व बंधुआकला पुलिस तथा एसओजी टीम ने लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर रवनिया के पास बैरियर लगाकर ट्रक को राेक कर तलाशी ली। ट्रक में 50 बोरी में 15.20 कुंतल गांजा रखा हुआ था।

ट्रक में सवार दोनों आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे इसे लखनऊ में किसी व्यक्ति को देने जा रहे थे। उनके पास से दो मोबाइल फोन व 4150 रुपये नकद बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सड़क हादसे से खुला था गांजा तस्करी का राज
सुलतानपुर: 11 अप्रैल को लंभुआ के बेदूपारा बाईपास पर दुर्घटनाग्रस्त कार से सात पैकेटों में रखा साढ़े छह किलो गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में लखनऊ के ही दो युवक हर्ष यादव व अभिषेक अग्निहोत्री पकड़े गए थे। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि वे अपने साथियों रुद्रा और मनिया के साथ जौनपुर के बदलापुर से गांजा खरीदकर लखनऊ ले जा रहे थे। वहां वे पैकेट बनाकर दो से ढाई सौ रुपये में नशेड़ियों को बेचते थे।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *