650वीं जयंती वर्ष पर संत रविदास की जन्मस्थली पहुंचे CM योगी, मंदिर में की पूजा-अर्चना

सद्गुरु संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर सीएम योगी ने उनकी जन्मस्थली स्थित मंदिर जाकर टेका मत्था

मुख्यमंत्री ने संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक समरसता का दिया संदेश

भदोही का नाम पुनः 'संत रविदास नगर' करने की घोषणा से अनुयायियों में उत्साह

अनुयायियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति जताया आभार, फैसले का किया स्वागत

11 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से आलोकित हुए रविदास पार्क और रविदास घाट

 

वाराणसी
संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'समरसता संकल्प सभा' में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचकर उनकी प्रतिमा के आगे श्रद्धापूर्वक शीश नवाया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने रविदास स्मारक में लगी उनकी विशाल कांस्य प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।

जनसभा के बाद रविदास पार्क एवं रविदास घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जनप्रतिनिधियों समेत अन्य लोगो ने 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता, और सद्भाव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री द्वारा भदोही जिले का नाम फिर से 'संत रविदास नगर' किए जाने की घोषणा का संत रविदास के अनुयायियों ने स्वागत किया। धर्मपाल सिंह और अविनाश चंद्र ने कहा कि गुरु रविदास के नाम पर जिले का नाम होना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। वहीं, वरिंदर बब्लू, देशराज और कृष्ण लाल ने भदोही का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे संत रविदास के प्रति सम्मान बताया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *