Headlines

CM मोहन यादव का गांधी सागर दौरा, 5 नई इको टूरिज्म परियोजनाओं की रखी आधारशिला

गांधी सागर
 मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार सुबह कैबिनेट बैठक से पूर्व मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ गांधी सागर अभयारण्य में चंबल सफारी का आनंद लिया। प्रकृति की गोद में बसे इस मनोरम क्षेत्र में आयोजित सफारी में यात्रा सीएम ने राज्य सरकार की पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता की बात कही।

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उनके कैबिनेट मंत्री टेंट सिटी से चंबल नदी पर बने गांधीसागर जलाशय से तटीय क्षेत्रों और घने जंगलों की ओर निकले। सफारी के दौरान मंत्रियों ने क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता, दुर्लभ वन्यजीवों और चंबल के शांत व आकर्षक प्राकृतिक दृश्यों का करीब से अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय वन अधिकारियों से अभयारण्य में चल रहे विकास कार्यों, चीतों के पुनर्वास की तैयारियों और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।

इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गांधीसागर और चंबल का यह क्षेत्र अपार पर्यटन संभावनाओं से भरा हुआ है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ऐसे अनछुए प्राकृतिक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करना है। इससे न केवल इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस अनौपचारिक भ्रमण ने मंत्रियों के बीच आपसी संवाद और टीम भावना को भी मजबूत किया। सफारी के उपरांत मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेने के लिए आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुआ।

पांच इको टूरिज्म परियोजनाओं, पर्यटक सुविधाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधीसागर में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन अंतर्गत 40.50 करोड़ रुपये में विकसित होने वाली 5 ईको टूरिज्म परियोजनाओं एवं पर्यटक सुविधाओं का भूमिपूजन किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गांधीसागर में पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव लाएगी।

इस आधुनिक तकनीक से बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य है। दो जलाशयों के बीच पानी का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जाएगी, जिससे पानी की एक बूंद भी व्यर्थ नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव संपदा और पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध है।

यहां विकसित हो रही टेंट सिटी पर्यटन को नई पहचान देगी। डेस्टिनेशन कैबिनेट के आयोजन से क्षेत्र में विकास, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने परियोजना को देश के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण और भविष्य में केस स्टडी बताया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *