समानतावादी समाज के लिए गुरु रविदास जी के सिद्धांत अपनाने का आग्रह, बोले मुख्यमंत्री मान

चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दिए गए उपदेशों पर चलते हुए समानता वाले समाज की रचना के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी की महान विरासत को बनाए रखने के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा 6 फरवरी को होशियापुर जिले में स्थित खुरालगढ़ में राज्य स्तरीय समागम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरी कैबिनेट संगत के साथ श्री गुरु रविदास जी को श्रद्धा और सम्मान अर्पित करने के लिए नतमस्तक होगी। भगवंत सिंह मान ने समस्त संगत से इस राज्य स्तरीय समागम में पूरे धार्मिक उत्साह और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने लोगों से समाज में प्रचलित विभिन्न सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की बाणी समस्त मानवता के लिए प्रकाश-स्तंभ है और उन्होंने पूरी दुनिया को मानवता का रास्ता दिखाया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस दिव्य बाणी से समाज को विभिन्न समस्याओं से मुक्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही खुरालगढ़ में लगभग 148 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय यादगार बना चुकी है, जो राज्य सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी को विनम्र श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि यह यादगार सुविधाओं से लैस इमारत, मल्टीलेवल पार्किंग, मीनार-ए-बेगमपुरा, संगत हॉल, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और अन्य सुविधाओं से सुसज्जित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समस्त मानवता की भलाई, समाज के सभी वर्गों की समानता का संदेश दिया और इस प्रकार समानतावादी मूल्यों पर आधारित समाज की रचना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने ऐसे आदर्श समाज का संकल्प दिया, जहाँ किसी को भी किसी प्रकार का कोई दुख या तकलीफ न झेलनी पड़े। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का महान जीवन, दर्शन और शिक्षाएँ मानवता का मार्गदर्शन करती रहती हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी समाज के गरीब और पिछड़े वर्गों के रूहानी रहबर और मसीहा हैं, जिन्होंने हमें नेक और सदाचारी जीवन जीने की शिक्षा दी।
– 649वें प्रकाश पर्व और 2027 में ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व की तैयारियों के लिए राज्य स्तर पर व्यापक प्रबंधों की व्यवस्था
भगवंत सिंह मान सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश पर्व को पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, साथ ही 2027 में ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व के लिए साल भर चलने वाली राज्य स्तरीय तैयारियाँ शुरू की हैं। श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समागम का आयोजन किया गया है जिसमें संतों, आध्यात्मिक नेताओं, कैबिनेट मंत्रियों, डिप्टी स्पीकर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी संख्या में भागीदारी होगी तथा 6 फरवरी को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के उपरांत समापन होगा।
भगवंत मान सरकार ने संगत की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ और निर्विघ्न प्रबंध सुनिश्चित किए हैं। साथ ही श्री खुरालगढ़ साहिब से पंजाब के हर गाँव तक श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को ले जाने वाले कार्यक्रम शुरू करके सिलसिलेवार समागम आरंभ किए हैं। गुरु जी के महान जीवन, दर्शन और समानता, भाईचारे तथा मानवता के प्रति शाश्वत संदेश के प्रसार के लिए साल भर शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहलकदमियां की जा रही हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *