नई दिल्ली
विराट कोहली और एमएस धोनी का नाम उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल है जो आईपीएल के पहले सीजन से खेल रहे हैं। विराट कोहली के नाम आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है, वहीं धोनी को डेथ ओवर स्पेशलिस्ट कहा जाता है। आईपीएल में इतनी तबाही मचाने के बावजूद जब बात नंबर-1 से 11 तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की आती है तो इस लिस्ट में दोनों दिग्गजों का नाम नहीं दिखाई देता। जी हां, आज हम आपके लिए उन खिलाड़ियों की लिस्ट लेकर आए हैं जिन्होंने नंबर-1 से लेकर 11 तक किस बैटिंग पोजिशन पर कितने रन बनाए हैं। यहां एक और हैरानी की बात यह है कि रोहित शर्मा का नाम बतौर ओपनर दर्ज नहीं है।
बतौर ओपनर IPL में किसने बनाए सबसे ज्यादा रन
आईपीएल के इतिहास में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर और शिखर धवन के नाम दर्ज है। वॉर्नर ने नंबर-1 पर बैटिंग करते हुए सबसे अधिक 4268 रन बनाए हैं। वहीं धवन ने नंबर-2 पर बल्लेबाजी करते हुए 5225 रन बनाए हैं। नंबर-3 पर मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का नाम है। रैना ने आईपीएल में अधिकतर समय इसी नंबर पर बैटिंग की है। रैना ने नंबर तीन पर खेलते हुए 4934 रन बनाए हैं। टॉप-3 में मौजूद इन तीनों बल्लेबाजों के नाम ही 4000 से अधिक रन दर्ज है, आगे आने वाले बल्लेबाजों में कोई 2500 रन तक का आंकड़ा नहीं छू पाया है। यह आंकड़ा बताता है कि क्यों टीमें अपने टॉप-3 बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा निवेश करती है।
रोहित शर्मा नंबर-4 पर
रोहित शर्मा ने आईपीएल में बतौर ओपनर नहीं, बल्कि नंबर-4 पर खेलते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। जी हां, हिटमैन ने इस नंबर पर बैटिंग करते हुए 2392 रन बनाए हैं। आईपीएल में ओपनिंग करने से पहले वह मिडिल ऑर्डर में ही बैटिंग किया करते थे। कई बार तो उन्होंने फिनिशर की भी भूमिका अदा की है। नंबर-5 पर आईपीएल में सबसे ज्यादा रन डेविड मिलर ने बनाए हैं। साउथ अफ्रीका के इस बल्लेबाज का भी आईपीएल करियर काफी लंबा रहा है। मिलर ने इस बैटिंग पोजिशन पर 2002 रन बनाए हैं।
धोनी नहीं है फिनिशर्स की लिस्ट में
नंबर-6 और 7 जो फिनिशर की भूमिका के लिए जाता है, उसमें एमएस धोनी का नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के दो विस्फोटक बल्लेबाजों -कीरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल- का नाम दर्ज है। पोलांड ने नंबर-6 पर 1372 रन तो रसेल ने नंबर-7 पर 890 रन बनाए हैं। नंबर-8 पर हरभजन सिंह 406 रन, नंबर-9 पर भुवनेश्वर कुमार 232, नंबर-10 पर प्रवीण कुमार 86 रन और नंबर-11 पर संदीप सर्मा 37 रनों के साथ मौजूद हैं।

