Headlines

कनाडा सरकार का बड़ा कदम: पंजाबी गैंगस्टरों की फोटो जारी, दो भारत भेजे गए

चंडीगढ़.

कनाडा में पंजाब मूल के युवकों का नाम लगातार रंगदारी, गैंगवार और फायरिंग की घटनाओं में सामने आने के बाद वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने सख्ती बढ़ा दी है। हाल ही में सरे पुलिस सर्विस (एसपीएस) द्वारा सात भारतीय मूल के युवकों की तस्वीरें सार्वजनिक किए जाने के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।

इनमें से अधिकतर पंजाब से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ये युवक रंगदारी, हथियारों के इस्तेमाल और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में जांच के घेरे में हैं।
एसपीएस की ओर से जारी सूची में हंसप्रीत सिंह, हर्षदीप सिंह, हरजोत सिंह, तरणवीर सिंह, लवबीर सिंह, दयाजीत बिलिंग और प्रभजोत सिंह के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनकी गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
इसी कारण जनता से जानकारी जुटाने के लिए तस्वीरें सार्वजनिक की गईं। मामले में कनाडा बार्डर सर्विस एजेंसी (सीबीएसए) ने भी कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को डिपोर्ट किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार लवबीर सिंह और प्रभजोत सिंह को कनाडा से बाहर भेजा जा चुका है।
पिछले दो वर्षों में कनाडा में सक्रिय पंजाब मूल के कई युवकों के नाम गैंगवार, ड्रग्स तस्करी, रंगदारी और फायरिंग मामलों में सामने आए हैं। सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार दर्जनों युवकों को या तो हिरासत में लिया गया है या डिपोर्ट किया गया है।
वहीं, कई मामलों में भारत की एजेंसियों ने भी इनपुट साझा किए हैं। कनाडा में सक्रिय कुछ गैंगों के तार पंजाब और विदेश में बैठे खालिस्तानी समर्थक नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी जताई जाती रही है।
कनाडा और भारत के बीच हाल के वर्षों में खालिस्तानी गतिविधियां बड़ा मुद्दा बनी हुई हैं। भारत पहले भी कई वांछित आतंकियों और गैंगस्टरों की सूची कनाडा सरकार को सौंप चुका है। इनमें कुछ को भारत में आतंकवादी घोषित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से भी विदेश में बैठे कई खालिस्तानी समर्थकों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पंजाब में हुए कई टारगेट किलिंग और रंगदारी मामलों में विदेश से संचालन की बात जांच में सामने आ चुकी है।
इसी बीच सरे पुलिस ने 27 वर्षीय जसकरण सरोये की गिरफ्तारी भी की है। उस पर एक रिहायशी इलाके में फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल को घर पर गोलीबारी की घटना के बाद जांच शुरू की गई थी। बाद में संदिग्ध वाहन की पहचान कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *