Headlines

चंडीगढ़ में बड़ा सुरक्षा अलर्ट: बीजेपी दफ्तर के पास ग्रेनेड हमला, केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय

चंडीगढ़

चंडीगढ़ में बुधवार शाम करीब 5 बजे भाजपा के पंजाब मुख्यालय के बाहर हुए जोरदार धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शुरुआती जांच में हमले में ग्रेनेड जैसी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए), भारतीय सेना और पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) समेत कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।

धमाका इतना तेज था कि आफिस के बाहर पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जबकि इमारत की दीवारों पर 70 से 80 तक छर्रों जैसे निशान मिले हैं। घटना के बाद सामने आए एक सीसीटीवी वीडियो में एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रेनेड की पिन खोलकर उसे फेंकता और मौके से भागता नजर आ रहा है।

चंडीगढ़ पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिसमें दो संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान हुई है। दोनों हमले से पहले और बाद में इलाके में घूमते नजर आए हैं। उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

शहर भर में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू

घटना के बाद बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीमों ने मौके से सैंपल जुटाए हैं और विस्फोटक के अवशेषों की जांच की जा रही है। पूरे इलाके को सील कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और शहरभर में नाकाबंदी कर चेकिंग बढ़ा दी गई है।

चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि पुलिस को शाम 5 बजे के करीब बम जैसी आवाज की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीमों ने पाया कि किसी ने क्रूड किस्म की विस्फोटक वस्तु फेंकी थी।

मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और एनआईए समेत अन्य एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गई हैं।यह हमला शहर की एक बेहद संवेदनशील और प्राइम लोकेशन पर हुआ है, जहां कई अहम संस्थान और भीड़भाड़ वाले स्थान मौजूद हैं। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

माहौल बिगाड़ने की कोशिश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि हाल के दिनों में पंजाब में लगातार हो रही घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती हैं। उन्होंने कहा कि अलगाववादी ताकतें माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन पंजाब की एकता को कमजोर नहीं किया जा सकता।

चंडीगढ़ तक पहुंची धमाकों की आंच

केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। उन्होंने हालिया धमाकों का जिक्र करते हुए कहा कि अब इन घटनाओं का असर चंडीगढ़ तक पहुंच गया है, जो बेहद चिंता का विषय है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

भाजपा नेता तरुण चुग ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वे ईश्वर से सभी नेताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग की।

पार्टी को निशाना बनाने की साजिश

भाजपा नेता चेतन जोशी ने इस हमले को पार्टी को निशाना बनाने की साजिश बताया और कहा कि हाल के दिनों में बीजेपी के मजबूत होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *