नई दिल्ली
भारत के खिलाफ चल रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों की चोटों की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे भी अब चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। ईडन पार्क में मंगलवार को फील्डिंग प्रैक्टिस के दौरान एक कैच लपकने के प्रयास में तेज गेंदबाज मैट हेनरी से टकराने के बाद कॉनवे को कंकशन का सामना करना पड़ा था।
डेवॉन कॉनवे पूरी सीरीज से बाहर हुए
हालांकि मैट हेनरी को कंकशन की जांच के बाद खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया लेकिन कॉनवे की स्थिति में सुधार न होने के कारण उन्हें सीरीज से हटना पड़ा। इस दौरे पर लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने से न्यूजीलैंड की टीम अपनी प्लेइंग 11 मैदान पर उतारने के लिए तरस रही है। कॉनवे के सीरीज से बाहर होने के बाद चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुने गए बाएं हाथ के बल्लेबाज निक केली को तुरंत वेलिंगटन पहुंचने और टीम से जुड़ने का बुलावा भेजा गया है।
टिम सीफर्ट को किया गया था शामिल
कॉनवे कंकशन असेसमेंट के कारण ऑकलैंड में खेला गया पहला वनडे मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह प्लेइंग 11 में शामिल किए गए टिम सीफर्ट ने 38 रनों की पारी जरूर खेली थी लेकिन न्यूजीलैंड की पूरी टीम महज 185 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने बारिश से प्रभावित वह मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया था। सेफर्ट को पहले आखिरी दो वनडे के लिए चुना गया था लेकिन कॉनवे की चोट के बाद उन्हें शुरुआती तीन मैचों के स्क्वाड में भी शामिल कर लिया गया।

कई कीवी खिलाड़ी हो चुके हैं चोटिल
कीवी टीम के लिए चोटों का यह सिलसिला वनडे सीरीज से पहले खेली गई टी20 सीरीज के दौरान ही शुरू हो गया था, जिसे भारतीय टीम ने 3-2 से जीता था। न्यूजीलैंड के प्रमुख ऑलराउंडर रचिन रविंद्र दाएं कंधे की चोट और मार्क चैपमैन हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहले ही पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वरिष्ठ खिलाड़ियों की इस अनुपस्थिति ने कीवी मध्यक्रम और गेंदबाजी संतुलन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
