Headlines

छपरा नगर निगम की बड़ी पहल, 50 टन कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण; 2.75 करोड़ की निविदा जारी

छपरा
शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और उसके सदुपयोग के लिए नगर निगम ने पहल की है। इसके तहत गड़खा प्रखंड के पोहिया में विंड्रो कंपोस्ट प्लांट स्थापित किया जाएगा।

इस प्लांट में प्रतिदिन 50 टन कचरे का प्रसंस्करण कर जैविक खाद तैयार करने की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण पर 2.75 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

नगर निगम ने परियोजना के लिए निविदा आमंत्रित की है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर के कचरे के निस्तारण को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ठेकेदार को करनी होगी एडवांस पेमेंट
नगर निगम की ओर से जारी निविदा सूचना के अनुसार, प्लांट निर्माण की प्राक्कलित राशि 2 करोड़ 75 लाख 15 हजार 400 रुपये निर्धारित की गई है। निविदा में भाग लेने वाले संवेदकों को 5 लाख 50 हजार 308 रुपये अग्रधन के रूप में जमा करने होंगे।

परिमाण विपत्र का मूल्य 10 हजार रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रक्रिया के तहत आनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करना होगा। इसकी जानकारी ई-निविदा पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, चयनित एजेंसी को निर्माण कार्य छह माह के भीतर पूरा करना होगा। निविदा की वैधता अवधि अंतिम तिथि से 120 दिनों की निर्धारित की गई है। इसी अवधि में निविदा से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

28 अक्टूबर को होगी प्री-बिडिंग
निविदा आमंत्रण की सूचना आठ अक्टूबर 2026 को जारी की गई थी। इच्छुक संवेदकों के लिए प्री-बिड बैठक 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे छपरा नगर निगम कार्यालय में आयोजित होगी। निविदा से संबंधित परिमाण विपत्र 24 अक्टूबर से पांच नवंबर तक प्राप्त किया जा सकेगा।

संवेदकों को पांच नवंबर को दोपहर तीन बजे तक अपना आवेदन आनलाइन अपलोड करना होगा। तकनीकी बीड छह नवंबर को खोली जाएगी। तकनीकी जांच में सफल संवेदकों की वित्तीय बीड निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खोली जाएगी।

नगर आयुक्त की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इच्छुक संवेदक बिहार सरकार के ई-निविदा पोर्टल www.eproc2.bihar.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

निविदा की विस्तृत शर्तें और अन्य आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर उपलब्ध हैं। आवेदन करने से पहले संवेदकों को सभी शर्तों का अध्ययन करना होगा। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *