Headlines

सीमा पर बड़ी कार्रवाई: Punjab में घुसपैठिए को BSF ने किया ढेर, कोशिश नाकाम

तरनतारन.

भारत-पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए खेमकरण सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। देर रात भारतीय क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने तुरंत सतर्कता बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए एक पाक घुसपैठिये को मार गिराया।

जानकारी के अनुसार, खेमकरण सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 148वीं बटालियन के जवान सीमा पर नियमित निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान देर रात उन्हें भारतीय क्षेत्र में हलचल महसूस हुई। जवानों ने तुरंत स्थिति का आकलन करते हुए चौकसी बढ़ा दी। कुछ समय बाद उन्हें सीमा पार से एक व्यक्ति भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ता दिखाई दिया।

जवानों की लौटने की चेतावनी को किया अनसुना 
जवानों ने पहले उस व्यक्ति को रुकने और वापस लौटने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए उसकी गतिविधियां संदिग्ध बनी रहीं। इसके बाद जवानों ने मजबूर होकर उस पर गोली चलाई, जिसमें वह मौके पर ही ढेर हो गया।घटना के बाद जब जवानों ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से पाकिस्तान की 300 रुपये की मुद्रा, एक सुई और धागे की रील बरामद हुई। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सब डिवीजन भिखीविंड के उप पुलिस अधीक्षक प्रीतिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा।
वहीं, सीमा सुरक्षा बल की ओर से इस घटना की जानकारी पाकिस्तान रेंजर्स को भी दे दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी गई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *