Headlines

त्योहारी सीजन में चमका ऑटो बाजार: नवरात्र के 9 दिनों में नोएडा में 9 हजार वाहन बिकने की उम्मीद

नई दिल्ली
नवरात्र में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ऑटोमोबाइल बाजार में जोरदार तेजी आई है। शुभ मुहूर्त के 9 दिनों में 9,000 से अधिक नए वाहनों की डिलीवरी की तैयारी है। शुभ मुहूर्त में वाहन घर ले जाने के लिए लोगों ने पहले से बुकिंग करा रखी है। डीलरों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है।

नवमी पर डिलीवरी की मांग अधिक
नए मॉडलों की लॉन्चिंग, त्योहारी छूट और शुभ दिनों में वाहन खरीदने की परंपरा से मांग बढ़ी है। नवरात्र 11 से 19 अक्तूबर तक हैं। इन दिनों में डिलीवरी के लिए बड़ी संख्या में वाहन बुक किए गए हैं। दोपहिया और चार पहिया वाहन डीलरों के अनुसार नवमी पर डिलीवरी की मांग अधिक है।

ग्राहकों में उत्साह
कर्मा हुंडई के मुख्य बिजनेस अधिकारी मोहम्मद इमरान ने बताया कि नवरात्र में कारों की बुकिंग को लेकर ग्राहकों में उत्साह है। दो शोरूम से 150 से अधिक कारों की डिलीवरी की तैयारी है। मॉडल और कीमत के आधार पर ग्राहकों का रुझान अलग-अलग है।

इन कीमत की कारों पर फोकस
सागर मोटर्स के जीएम सेल्स दीपक वर्मा ने बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 5 शोरूम से 800 से अधिक वाहनों की डिलीवरी होगी। ग्राहक कम बजट वाली कारों पर टूट पड़ रहे हैं। आलम यह कि इस बार 10 लाख रुपये तक कीमत वाली कारों की बुकिंग सबसे ज्यादा है। मारुति, महिंद्रा समेत अन्य कंपनियों की 2,000 से अधिक कारों की डिलीवरी नवरात्र में होने की तैयारी है।

रजिस्ट्रेशन की तैयारियां
दोपहिया वाहन डीलरों के अनुसार, एक सामान्य डीलरशिप से नवरात्र के दौरान औसतन 50 से 150 वाहनों की डिलीवरी होने की उम्मीद है। मांग को देखते हुए कई डीलरशिप पर डिलीवरी और पंजीकरण की तैयारियां बढ़ा दी गई हैं।

धनतेरस पर भी बंपर डिलीवरी की उम्मीद
नवरात्र के बाद धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में वाहनों की बिक्री और डिलीवरी बढ़ने की उम्मीद है। पितृपक्ष समाप्त होने के बाद त्योहारी सीजन में प्री-बुकिंग और एडवांस बुकिंग में भी तेजी आने की संभावना है। डीलरों और वाहन कंपनियों ने त्योहारी मांग को देखते हुए स्टॉक और डिलीवरी की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

डिलीवरी की तैयारी पिछले साल से अधिक
परिवहन विभाग के अनुसार, पिछले साल नवरात्र में 8,700 से अधिक वाहनों का पंजीकरण हुआ था। इनमें दोपहिया वाहनों की संख्या अधिक थी। इस बार डीलरशिप पर बुकिंग और डिलीवरी की तैयारियां पिछले साल से अधिक हैं। कुछ शोरूम का समय बढ़ाकर रात नौ बजे तक किया गया है। वाहनों की संख्या को देखते हुए आरटीओ और डीलरशिप ने पंजीकरण प्रक्रिया तेज करने की तैयारी की है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *