Headlines

आदमपुर एयरपोर्ट को मिली नई पहचान, ‘श्री गुरु रविदास महाराज हवाई अड्डा’ नाम पर लगी मुहर

जालंधर.

केंद्र सरकार ने पंजाब के दोआबा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देते हुए जालंधर स्थित आदमपुर हवाई अड्डे का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा कर दिया है। इस संबंध में 12 जून को केंद्र सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दी गई, जिसके साथ ही नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई।

इस ऐतिहासिक नामकरण का डिजिटल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान समाज सुधारक श्री गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर किया। इस मौके पर उन्होंने नई नामपट्टिका का अनावरण कर गुरु रविदास जी के सामाजिक योगदान को नमन किया। केंद्र सरकार का यह फैसला दोआबा क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जालंधर और होशियारपुर समेत पूरे दोआबा क्षेत्र के लिए आदमपुर हवाई अड्डा लंबे समय से हवाई सेवाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। अब यह हवाई अड्डा संत गुरु रविदास महाराज जी के नाम से जाना जाएगा, जो सामाजिक समानता और मानवता के संदेश के प्रतीक हैं।

सरकारी नोटिफिकेशन जारी होने के बाद इस निर्णय पर अंतिम मुहर लग गई है। नाम परिवर्तन की घोषणा के बाद पंजाब ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में रहने वाले गुरु रविदास जी के अनुयायियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रवासी भारतीयों (NRI) ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और सम्मानजनक कदम बताया है। विशेष रूप से दोआबा क्षेत्र में इस निर्णय को सांस्कृतिक पहचान और गौरव से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि आदमपुर हवाई अड्डा का नया नाम आने वाली पीढ़ियों को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *