Headlines

MP में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना होगा आसान, अब निर्धारित अस्पतालों से ही मिलेंगे सर्टिफिकेट

भोपाल.

मध्य प्रदेश में अब कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) चिकित्सालय सहित केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न निगमों और मंडलों के अधीन संचालित अस्पतालों में भी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बन सकेंगे।

यहां के चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी अधिकारी को रजिस्ट्रार (जन्म तथा मृत्यु) का दायित्व सौंपा गया है। मप्र योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उप सचिव किरण गुप्ता ने इसकी अधिसूचना जारी की है।

चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
इस निर्णय के बाद अब इन संस्थानों में होने वाले जन्म या मृत्यु के प्रमाण पत्र के लिए परिजनों को नगर निगम, नगर पालिका या ग्राम पंचायत के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संबंधित अस्पताल के प्रभारी अधिकारी द्वारा ही सीधे प्रमाण पत्र जारी किए जा सकेंगे। दरअसल, पहले प्रदेश के केवल जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, शासकीय मेडिकल कालेज, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी/पीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को ही रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया था। इनके अतिरिक्त अन्य सरकारी या अर्ध-सरकारी (निगम/ मंडल/ईएसआई) अस्पतालों को रजिस्ट्रार का दर्जा प्राप्त नहीं था।

सरल प्रक्रिया, काम होगा आसान
जिन अस्पतालों को रजिस्ट्रार घोषित नहीं किया गया था, वे केवल सूचनादाता के रूप में कार्य करते थे। किसी भी निगम, मंडल या ईएसआई अस्पताल में जन्म या मृत्यु होने पर अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना ऑनलाइन (सीआरएस पोर्टल के माध्यम से) संबंधित क्षेत्र के स्थानीय निकाय (नगर निगम, नगरपालिका, नगर परिषद या ग्राम पंचायत) के रजिस्ट्रार को भेजनी होती थी। स्थानीय निकाय के रजिस्ट्रार द्वारा सत्यापन और अनुमोदन करने के बाद ही प्रमाण पत्र जारी होता था। कई बार तकनीकी त्रुटियों या सत्यापन में देरी के कारण परिजनों को नगर निगम के जोन कार्यालयों या पंचायतों के चक्कर काटने पड़ते थे। नई व्यवस्था में यह समस्या समाप्त हो जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *