Headlines

कभी किसानों के लिए ATM था गन्ना, अब सहरसा में 20 हजार हेक्टेयर खेती का लक्ष्य तय

सहरसा
 सहरसा जिले में बीते कुछ वर्षों से लगभग ठहर चुकी गन्ना की खेती को एक बार फिर रफ्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। प्रस्तावित चीनी मिल की स्थापना की तैयारियों के बीच ईख विकास बोर्ड ने जिले में गन्ने के रकबे को बढ़ाने के लिए ठोस योजना तैयार की है। इसके तहत इस वर्ष 200 एकड़ क्षेत्र में शरदकालीन गन्ना की खेती की जा रही है

योजना के मुताबिक, पहले से गन्ना की खेती करने वाले किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, पहली बार गन्ना उत्पादन से जुड़ने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थल जांच के आधार पर एक-एक एकड़ तक नि:शुल्क बीज दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को वैज्ञानिक व आधुनिक तरीके से गन्ना उगाने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

पूसा में नर्सरी का प्रशिक्षण, 200 एकड़ तक पहुंची रफ्तार
गन्ना की खेती के लिए गुणवत्तापूर्ण नर्सरी तैयार करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा किसानों को पूसा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र ले जाकर मुफ्त प्रशिक्षण दिलाया गया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को नर्सरी तैयार करने में काम आने वाली आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इसी प्रशिक्षण के बाद किसान अपने स्तर पर नर्सरी तैयार करने में जुटे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से सहरसा में मुश्किल से 10 से 20 एकड़ में ही गन्ना की खेती हो पा रही थी, लेकिन इस वर्ष 200 एकड़ में शरदकालीन गन्ना रोपाई का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित चीनी मिल की स्थापना को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में इस क्षेत्र में गन्ने की खेती का व्यापक विस्तार किया जाएगा।

ईख विकास बोर्ड, सहरसा के सहायक निदेशक शुभम कुमार ने बताया कोसी क्षेत्र में गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। किसानों के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और आने वाले दिनों में इलाके में बड़े पैमाने पर गन्ना की खेती कराने की योजना है।

कभी 'एटीएम' जैसा था गन्ना, अब 15-20 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य
लगभग दो दशक पहले तक कोसी क्षेत्र गन्ना उत्पादन का प्रमुख केंद्र माना जाता था। सहरसा के अमरपुर, बलुआहा, सिटानाबाद, नरियार, रहुआमणि, विशनपुर, बेंगहा, बलवा हाट, सहुरिया और सूहथ सहित कई गांवों में बड़े पैमाने पर गन्ने की उपज होती थी। उस दौर में हसनपुर चीनी मिल के लिए सोनवर्षा कचहरी स्टेशन से प्रतिदिन गन्ने की रैक रवाना होती थी।

स्थानीय किसानों के लिए गन्ने की खेती एक तरह से 'एटीएम' की तरह थी, क्योंकि रैक भेजकर किसान हसनपुर जाकर हाथों-हाथ भुगतान प्राप्त कर लेते थे। हसनपुर चीनी मिल बंद होने के बाद किसानों में निराशा बढ़ी और गन्ने की खेती सिमटती चली गई। अब सरकार द्वारा इलाके में चीनी मिल खोलने और उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिए जाने से नई उम्मीद जगी है।

चीनी मिल के सुचारू संचालन के लिए सहरसा और आसपास के क्षेत्रों में 15 से 20 हजार हेक्टेयर भूमि पर गन्ना की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए विभाग जोर-शोर से किसानों को जोड़ने में लगा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *