Headlines

इंदौर में 173 करोड़ का डबल डेकर फ्लाईओवर अटका, दूसरी भुजा शुरू होने का इंतजार जारी

 इंदौर
 लवकुश चौराहे पर डबल डेकर फ्लाईओवर तैयार होने के बावजूद आमजन को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। दूसरी भुजा बने करीब एक माह हो चुका है, लेकिन उस पर यातायात शुरू नहीं हुआ। 28 अक्टूबर को उद्घाटन प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने के बाद से लोग इसके लोकार्पण का इंतजार कर रहे हैं।

इस देरी के कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ रहा है। फ्लाईओवर की एक भुजा मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव पहले ही परीक्षण के तौर पर शुरू कर चुके हैं। लवकुश चौराहा शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल है। यहां से उज्जैन और सांवेर रोड की ओर बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।

दूसरी भुजा शुरू नहीं होने से पूरा यातायात अब भी नीचे के मार्गों से गुजर रहा है। वहीं, फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड का निर्माण जारी है, जिससे वाहनों को संकरे रास्ते से निकलना पड़ता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में जाम लगता है। सांवेर रोड की दर्जनों कालोनियों के रहवासियों और उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है।

तीन साल से ज्यादा में हुआ फ्लाईओवर का निर्माण
करीब 173 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर का निर्माण साढ़े तीन साल से अधिक समय तक चला। निर्माण के दौरान वाहन चालकों को लंबे समय तक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। अब दूसरी भुजा चालू नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिली है। इसके शुरू होने पर वाहनों का दबाव ऊपर जाएगा और चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *