Headlines

रामनगरी अयोध्या में आस्था का महाकुंभ, 50 लाख ने लगाई परिक्रमा

– योगी सरकार की पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी रामनगरी

– देवउठनी एकादशी पर हुई पंचकोसी परिक्रमा, बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी दिखाई आस्था

-चप्पे चप्पे पर रहे सुरक्षा के इंतजाम, जगह-जगह लगे चिकित्सा और खाद्य पदार्थों के कैंप

अयोध्या
देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा शुरू होते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अनुमान जताया है कि इस बार करीब 50 लाख श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा में शामिल हुए हैं। श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ करीब 15 किलोमीटर की परिक्रमा पूरी करते दिखे। परिक्रमा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि श्रद्धालु जिस स्थान से यात्रा शुरू करते हैं, उसी स्थान पर लौटकर इसे पूर्ण करते हैं। पहले पंचकोसी परिक्रमा संकरी गलियों से होकर होती थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार में अब यह फोर लेन मार्ग पर सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही है। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। सुरक्षा से लेकर सुविधा तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया है। परिक्रमा मार्ग के किनारे स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न संगठनों द्वारा सेवा कैंप लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को जल, प्रसाद, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी भारी भीड़
पंचकोसी परिक्रमा के साथ-साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। भक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही लग गईं। श्रद्धालु रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के समक्ष शीश झुका रहे हैं। आस्था का यह संगम पूरे शहर को भक्तिमय बना रहा है।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद
सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार ने संभाली है। उन्होंने रातभर परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर अपनी टीमों के साथ लगातार मैदान में मौजूद रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए पूरे मार्ग की निगरानी की जाती रही। सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। एडीजी प्रवीण कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे श्रद्धापूर्वक और सौहार्दपूर्ण तरीके से परिक्रमा करें।

कमिश्नर, डीआईजी व नगर आयुक्त ने की परिक्रमा
कमिश्नर राजेश कुमार, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और डीआईजी रेंज सोमेन वर्मा ने भी पंचकोसी परिक्रमा की। कमिश्नर ने लगभग दो घंटे में पंचकोसी परिक्रमा पूर्ण की। उन्होंने मार्ग पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं से कुशल-क्षेम पूछा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पीने के पानी, शौचालय और यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए अधिकारियों की टीमें लगातार सक्रिय हैं।

श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे संत महंत व जनप्रतिनिधि
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास समेत कई संत-महंत भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे दिखाई दिए।पंचकोसी मार्ग पर भक्ति और अनुशासन दोनों का अनोखा मेल देखने को मिला। परिवार सहित आए श्रद्धालु, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी आस्था के पथ पर आगे बढ़ते रहे। योगी सरकार की व्यवस्थाओं के कारण इस बार परिक्रमा पहले से कहीं अधिक सुगम और सुरक्षित महसूस हुई।

पहले छोटी व संकरी गलियों में होती थी, आज फोर लेन पर चल रहे
स्थानीय निवासी राम प्रसाद मिश्र ने बताया कि मैं पिछले कई सालों से पंचकोसी परिक्रमा करता आ रहा हूं। पहले संकरी गलियों में बहुत भीड़ और असुविधा होती थी। अब फोर लेन मार्ग और पानी-प्रसाद की व्यवस्था देखकर बहुत खुशी हो रही है। योगी सरकार ने सच में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखा है। रामलला के दर्शन के बाद यह परिक्रमा और भी पुण्यदायी लग रही है।

पहली बार परिवार के साथ आईं सुनीता ने जमकर की तारीफ
बस्ती से आईं सुनीता देवी परिवार सहित पहली बार परिक्रमा करने आई थीं। उन्होंने कहा कि रास्ते में जगह-जगह सेवा कैंप लगे हैं, पानी और चिकित्सा की सुविधा है। पुलिस वाले भी बहुत सहयोग कर रहे हैं। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में भी दर्शन सुखद रहे। पूरा माहौल भक्ति से भरा है। जय श्रीराम।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *