Headlines

ईरान के निशाने पर अमेरिकी वित्त मंत्री! जान से मारने की धमकी के बाद घर छोड़ा

वाशिंगटन

अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी (वित्त मंत्री) स्कॉट बेसेंट ने ईरान से मिली जानलेवा धमकियों के बाद अपना घर छोड़ दिया है. वह अब एक सैन्य ठिकाने पर रह रहे हैं. इस मामले से परिचित तीन लोगों ने यह जानकारी दी है. उनके मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को हाल के हफ्तों में ऐसी खुफिया जानकारी मिली थी, जिससे पता चला कि ईरान मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश को और आगे बढ़ा रहा है. इसी खुफिया जानकारी में स्कॉट बेसेंट को लेकर मिली धमकियां भी शामिल थीं। 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इन तीनों लोगों ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी. हालांकि, स्कॉट बेसेंट को मिली धमकियों की गंभीरता और उनके संभावित खतरे के स्तर के बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने इन धमकियों को गंभीरता से लिया है. सुरक्षा चिंताओं के चलते बेसेंट को अपने निजी आवास से सैन्य ठिकाने पर शिफ्ट होना पड़ा है। 

स्कॉट बेसेंट ट्रंप प्रशासन की उस रणनीति का अहम हिस्सा हैं, जिसके तहत ईरान की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की कोशिश की जा रही है. अगस्त से वह ईरान के खिलाफ आर्थिक दबाव बढ़ाने की मुहिम का नेतृत्व कर रहे हैं. इस अभियान के तहत ईरान पर सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं और उसके व्यापारिक रास्तों पर भी पाबंदियां कड़ी की जा रही हैं। 

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस भूमिका के कारण स्कॉट बेसेंट ईरान के निशाने पर रहने वाले ट्रंप प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों में शामिल हो गए हैं. ईरान की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सीमित करने की अमेरिकी कोशिशों में उनकी अहम भूमिका है. इसी वजह से ईरान की ओर से उन्हें निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। 

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका और विदेशों में बड़े पैमाने पर हमले करने की ईरान की क्षमता सीमित है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ईरान की ओर से मिलने वाली व्यक्तिगत धमकियों को हल्के में लिया जा सकता है. अधिकारियों ने ईरान की ओर से कुछ खास व्यक्तियों को निशाना बनाने की योजनाओं को गंभीर माना है। 

इससे पहले भी अमेरिका में ईरान से जुड़ी ऐसी साजिश सामने आ चुकी है. साल 2024 में राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के लिए सुपारी देने की साजिश का मामला सामने आया था. अमेरिकी अधिकारियों ने इस साजिश को भी गंभीर सुरक्षा खतरे के तौर पर देखा था. अब स्कॉट बेसेंट को मिली धमकियों के बाद अमेरिकी प्रशासन की सुरक्षा चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं। 

ईरान की धमकियों के बाद स्कॉट बेसेंट का सैन्य ठिकाने पर शिफ्ट होना ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं को दिखाता है. वह ऐसे पहले अधिकारी नहीं हैं, जिन्हें सुरक्षा कारणों से अपने घर से दूर रहना पड़ रहा है. ईरान की ओर से मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की खुफिया सूचनाओं के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाई है। 

इस पूरे मामले पर अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के प्रवक्ता ने भी बयान जारी किया है. प्रवक्ता ने कहा कि स्कॉट बेसेंट ईरानी शासन की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि बेसेंट ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के अभियान को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं. यानी सुरक्षा खतरे के बावजूद ईरान के खिलाफ अमेरिकी आर्थिक दबाव की मुहिम जारी रहेगी। 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *