Headlines

यूपी में आवास योजना की सौगात, बदायूं के 15 ब्लॉकों में 2,447 परिवारों को मिलेगा घर

 बदायूं
यूपी के बदायूं में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। इस बार की दीपावली हजारों गरीब परिवारों के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आ रही है। इस बार दिवाली से पहले दो हजार से ज्यादा लोगों को बड़ा तोहफा मिलने वाला है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले के 2,447 लाभार्थियों को दीपावली से पहले उनका अपना पक्का घर मिल जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2,447 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास मिले हैं। चयनित लाभार्थियों के आवास निर्माण के लिये शासन से बजट भी मिल गया है।

जिला स्तर से लाभार्थियों के खाते में काम शुरू कराने के लिये प्रथम किश्त भेजने की प्रकिया जारी है। जिन लाभार्थियों के खाते में रकम पहुंच गयी है उन्होंने आवास बनवाने का काम भी शुरू कर दिया है। ज्यादातर लाभार्थियों का प्रयास है कि वह अपना आवास दीपावली तक बनाकर तैयार कर लें, जिससे वह अपने नये और पक्के घर में दीपोत्सव मना सकें। पीडी डीआरडीए सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 15 ब्लॉकों में 2,447 लाभार्थियों का आवास के लिये चयन किया गया है। इन लाभार्थियों के खाते में काम शुरू कराने को प्रथम किश्त जारी की जा रही है।

लाभार्थियों को मिलने वाली आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को पक्का मकान बनाने के लिये 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जायेगी। यह राशि अलग-अलग तीन किश्तों में जायेगी। प्रथम किश्त में 40 हजार, दूसरी किश्त में 70 हजार एवं तृतीय किश्त में 10 हजार मिलेंगे।

15 ब्लॉक की 1037 ग्राम पंचायतों में आवास
बिसौली, दहगवां, दातागंज, इस्लामनगर, जगत, कादरचौक, सहसवान, सालारपुर, समरेर, उझानी, उसावां, म्याऊं, अंबियारपुर,आसफपुर, वजीरगंज ब्लॉक की 1037 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2,447 लाभार्थियों का चयन हुआ है। लाभार्थियों ने अपने घर बनवाना शुरू कर दिये हैं।

पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में 447आवास बनाने का मिला लक्ष्य
वहीं दूसरी ओर मथुरा में आवासहीन लोगों को आवास बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए फिलाहल 447 आवास का लक्ष्य तय किया गया है। विगत चार माह पहले कराए गए सेल्फ सर्वे में से 447 अभ्यर्थियों ने आवास बनाने के लिए आवेदन किए हैं। अब डीएम और सीडीओ ने पीआरडी के पीडी को निर्देश दिए हैं कि इन आवासों का सभी ब्लाकों के बीडीओ से सर्वे कराया जाए। उसके बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को आवास बनाने को धनराशि आवंटित की जाए। शासन के निर्देश पर जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में आवास विहीन परिवारों का सेल्फ सर्वे कराया गया। सेल्फ सर्वे के दौरान जनपद में कुल 13 हजार लोगों ने अपने आवेदन किए। इस वर्ष योजना के लिए 500 आवास बनाने का लक्ष्य था जिसके सापेक्ष केन्द्र सरकार ने 477 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *