Headlines

फिरोज खान की संपत्ति पर जांच एजेंसियों का शिकंजा, कमाई से 575% ज्यादा संपत्ति मिलने का दावा

देवास

 पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त जांच में अब तक करीब 13.07 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों पर व्यय किए जाने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त के आधिकारिक अपडेट के अनुसार, यह राशि उसकी ज्ञात आय की तुलना में 575 प्रतिशत अनुपातहीन है। 14 अक्टूबर को विभिन्न ठिकानों पर तलाशी के बाद अब जांच बैंक खातों, निवेश और संपत्तियों से जुड़े वित्तीय अभिलेखों पर केंद्रित है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, अब तक सामने आए 22 बैंक खातों की जानकारी के लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे गए हैं। इनमें से 17 खातों में अंतिम शेष राशि के रूप में 10 लाख 6 हजार 382 रुपये मिले हैं। शेष पांच खातों का विवरण प्राप्त किया जा रहा है।

खातों से राशि निकासी पर रोक लगाने के लिए भी बैंकों को पत्र भेजे गए हैं। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश की जानकारी जुटाने के साथ वाहनों के सत्यापन के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय सहित अन्य विभागों से अभिलेख मांगे गए हैं।

पुराने विवाद भी चर्चा में

कार्रवाई के बाद देवास में फिरोज खान से जुड़े पुराने विवाद भी चर्चा में हैं। वर्ष 2019 में शक्ति नगर पहुंच मार्ग को निजी जेसीबी से खोदने के मामले में तत्कालीन एसपी ने नोटिस दिया था। वर्ष 2024 में घर के पास सरकारी बाउंड्रीवाल तोड़ने की शिकायत पर नगर निगम ने प्रकरण दर्ज कराया था। आदर्श नगर में शासकीय मार्ग खोदने की शिकायत भी रहवासियों और पार्षद ने की थी।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *