Headlines

केजरीवाल की पार्टी से कांग्रेस में पहुंचे बड़ा चेहरा, AAP को लगा सियासी झटका

नईदिल्ली 
आम आदमी पार्टी (आप) को एक और बड़ा झटका लगा है। राघव चड्ढा समेत कई नेताओं की बगावत के बाद अब एक और मजबूत चेहरे ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। टीवी पर पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखने वाली प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने अब अरविंद केजरीवाल की पार्टी का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। कक्कड़ के साथ रजत राकेश टंडन और पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।

पेशे से वकील प्रियंका कक्कड़ 'आप' की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता थीं। वह टीवी डिबेट के दौरान आम आदमी पार्टी के पक्ष को बेहद मजबूती से और आक्रामक तरीके से रखने के लिए जानी जाती थीं। भाजपा के प्रवक्ताओं उनकी बहस के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। अब अचानक उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और पवन खेड़ा की मौजूदगी में प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस की सदस्यता हासिल की।

मुझे वह दिल्ली वापस चाहिए: प्रियंका
प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'मैं आज बहुत गर्व के साथ कांग्रेस में शामिल हो रही हूं, क्योंकि मुझे वह दिल्ली वापस चाहिए जिसमें मैं बड़ी हुई थी। मैं क्लीन, ग्रीन, प्रोग्रेसिव और सेफ दिल्ली चाहिए जिसमें मैं पली-बढ़ी। एक दशक से अधिक के अनुभव से मैं महसूस करती हूं कि सिर्फ कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है। मैंने यह भी महसूस किया कि आज हमारे देश की राजनीति में अगर कोई नेता विश्वसनीय है तो राहुल गांधी हैं। मैंने पाया कि वह अकेले नेता हैं जिन्होंने कैमरे के लिए आंसू नहीं बहाए। मैंने देखा कि उन्हें नीचा दिखाने के लिए मशीनरी लगा दी गई, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस अटल रहे।'

आम आदमी पार्टी छोड़ने की क्या वजह बताई

प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी छोड़ने की वजहों का जिक्र करते हुए 'बंगला-चॉपर' वाली बात कहकर सीधे नेतृत्व को निशाने पर लिया। उन्होंने इशारों में अरविंद केजरीवाल पर ही निशाना साधा और कहा, 'मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ी क्योंकि बात हो रही थी बंगला गाड़ी नहीं लेंगे, पर फिर प्राइवेट यात्रा के लिए चॉपर का इस्तेमाल होने लगा और मैं इसका बचाव नहीं कर सकती थी। आम आदमी पार्टी ने बहुत बुद्धिमान लोगों को आकर्षित किया था, लेकिन वो उन्हें रिटेन नहीं कर पाए। आज कौन रिटेन हो रहे हैं, नए-नए लोग जिन्होंने बूथ लेवल पर भी काम नहीं किया, उन्हें राजस्थान से उठाकर पंजाब में बड़े बड़े पद, बंगला गाड़ी सब दिया जा रहा है। मैं इसका बचाव नहीं कर सकती थी।'

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *