Headlines

मिशन रोजगार को रफ्तार! CM मान आज 1746 जवानों को देंगे नियुक्ति पत्र, लोक मिलनी कार्यक्रम भी

जालंधर 
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर में 1,746 पुलिस जवानों को नियुक्ति पत्र देंगे। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम ‘मिशन रोजगार’ के तहत आयोजित किया जा रहा है। राज्यस्तरीय समारोह के दौरान सीएम पंजाब पुलिस में नए भर्ती हुए जवानों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र देंगे। 

मान सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में अब तक पंजाब पुलिस में 13,092 युवाओं की भर्ती करने का दावा किया गया है। वहीं, 3,298 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, पंजाब पुलिस के जिला कैडर में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई (ASI) के 1,600 नए पद भी मंजूर किए गए हैं।

सरकार के मुताबिक, अब तक राज्य के 70,840 युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री के जालंधर दौरे के तहत सब-डिवीजन करतारपुर के गांव काहलवां में लोक मिलनी भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के मद्देनजर जालंधर ग्रामीण पुलिस और सिविल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पुख्ता कर लिया है।

वीवीआईपी दौरे से पहले एडवांस सुरक्षा समीक्षा
वीवीआईपी दौरे से पहले एडवांस सुरक्षा समीक्षा के तहत डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया (IAS), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क (PPS), एसपी (पीबीआई) गुरप्रीत सिंह, डीएसपी करतारपुर नरेंद्र सिंह औजला और थाना प्रभारी करतारपुर एसआई गुरप्रीत सिंह ने गांव काहलवां में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शहर में आने-जाने वाले मार्गों, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स पर नाके
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वीवीआईपी सुरक्षा, आने-जाने वाले मार्गों, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान लगातार सतर्कता, प्रभावी एक्सेस कंट्रोल, सुचारू ट्रैफिक नियमन और उचित भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

योजना का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा स्वीकृत सुरक्षा योजना का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम जनता को कम से कम असुविधा हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *