CG में बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिगों की फरारी, खिड़की तोड़कर हुए फरार, जांच शुरू

महासमुंद.

जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिग  फरार हो गए. सभी करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रील तोड़कर परिसर से भाग निकले. इस घटना के बाद अब संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस संप्रेक्षण गृह से भागे लड़कों की तलाश में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे. इनमें एक बालक दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. फरार नाबालिगों का संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. पूरे परिसर की जांच की जा रही है. फरार बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है.
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चे फरार होने की घटना सामने आई थी. एक बार फिर हुई इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *