Headlines

ED और IT की संयुक्त दबिश से हड़कंप, CG के पीतल कारोबारी पर शराब कारोबार से जुड़े होने का शक

रायपुर.

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब केंद्रीय जांच एजेंसियों ने एक बड़े कारोबारी के ठिकानों पर अचानक ताबड़तोड़ दबिश दी।

रायपुर से सटे बलौदा बाजार नगर के व्यस्त गौरव पथ इलाके में स्थित प्रसिद्ध पीतल कारोबारी राजकुमार सराफ के आवास और कारखाने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर (आईटी) विभाग की संयुक्त टीम ने एक साथ छापा मारा। इस उच्चस्तरीय और अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात शुरू हुई यह कार्रवाई 15 घंटे से जारी है। इसमें दोनों केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परिसर के भीतर रखे तमाम वित्तीय दस्तावेजों, खातों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड्स की बारीकी से छानबीन की। इस रेड के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति या स्थानीय दखल को रोकने के लिए परिसर के बाहर भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था, ताकि जांच की गोपनीयता और सुरक्षा पूरी तरह से बरकरार रखी जा सके।

शराब, कोयले के काले कारोबार का एंगल भी खंगाला
जांच एजेंसियों के सूत्रों का यह भी कहना है कि इस पूरी कार्रवाई का दायरा केवल पीतल कारोबार तक सीमित नहीं है। कारोबारी के बेटे कथित तौर पर शराब कारोबार से भी जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसके चलते इस पूरी जांच के तार अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जोड़े जा रहे हैं। अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन जिस तरह से ईडी और आईटी ने मिलकर यह जाल बिछाया है, उसे सीधे तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी के एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है।

व्यवसायिक जगत में हलचल
कारोबारी के घर और कारखाने के भीतर चल रही इस मैराथन जांच के कारण इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि, एजेंसियों की ओर से जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल डेटा से क्या खुलासे होते हैं, यह तो जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगा, लेकिन इस बड़ी कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ के व्यावसायिक जगत में एक बार फिर से हलचल पैदा कर दी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *