Headlines

यूपी में कांवड़ यात्रा सुरक्षित कराने की तैयारी, जीरो एक्सीडेंट लक्ष्य

लखनऊ
यूपी में कांवड यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मुख्य सचिव एसपी गोयल व डीजीपी राजीव कृष्णा मेरठ के मंडलायुक्त सभागार में बैठक की। इसमें यात्रा मार्ग से संबंधित मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडल व उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान राज्यों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों की जानकारी साझा की। इसके साथ अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान अफवाहों, भ्रामक समाचारों एवं फेक नैरेटिव कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड यात्रा सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण व विशाल आयोजन है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना व दुर्घटना के सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना हम सभी का साझा दायित्व है। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों एवं दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करना होगा। कांवड़ यात्रा के दौरान सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। शिविरों के लिए आवश्यक अनुमति, विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य सभी सुरक्षा मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

कांवड़ उठाने के स्थलों, स्नान घाटों, प्रमुख मंदिरों एवं जलाभिषेक स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जाएं। सभी कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा शिविर, बाइक एम्बुलेंस, एम्बुलेंस सेवा तथा अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जीरो इंसीडेंट जीरो एक्सीडेंट अचीव करने के लक्ष्य के साथ काम किया जाए।

हर चुनौतियों का सामना के लिए सतर्क रहे सुरक्षाकर्मी: डीजीपी
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि सुरक्षाकर्मी कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था किसी भी दशा में प्रभावित न होने देंगे। कहा, विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिक तैनात किए जाएं, ताकि मार्ग की जानकारी के अभाव में कांवड़ यात्री भ्रमित न हों तथा उन्हें निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित रूप से भेजा जा सके। यात्रा के दौरान अफवाहों, भ्रामक समाचारों एवं फेक नैरेटिव पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना के संज्ञान में आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाये तथा पूर्व में चिन्हित कर कार्यवाही की जाये।

पड़ोसी राज्यों से समन्वय बनाए: राजीव कृष्ण
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पड़ोसी राज्यों के प्रवेश व चेक पोस्ट पर सतत समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी परिस्थिति में सूचना संप्रेषण में बाधा न आए तथा आवश्यक सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। डीजे संचालन सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप कराया जाए। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। डीजे संचालकों के साथ पूर्व में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा सत्यापन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *