Headlines

बारिश और वज्रपात का कहर जारी, झारखंड में पांच लोगों की मौत

रांची
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. कहीं‑कहीं भारी बारिश और 30‑40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है. 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार में कहीं‑कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं 21 को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.

वज्रपात और हादसों में पांच की मौत
राज्य में रविवार को ठनके से पांच लोगों की मौत हो गयी. सरायकेला के नुवागोड़ा गांव में वज्रपात से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की मौत हो गयी. वहीं चंपुआ थाना के विष्णुपुर गांव में ठनका से विष्णुपुर गांव निवासी किसान मोहन चरण गिरि (55 वर्ष) की जान चली गयी. इधर गोमिया स्थित तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गये केवट टोला निवासी संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की मौत हो गयी़ गुमला स्थित सिसई में वज्रपात से महिला जयंती देवी (56) की मौत हो गयी.

24 घंटे में कई स्थानों पर हुई बारिश
बीते 24 घंटों में राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई. सबसे अधिक 76.8 मिमी वर्षा धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड की गयी. इसके अलावा हेंदेगिर में 67.2 मिमी, नवाडीह में 67 मिमी, जगन्नाथपुर (चाईबासा) में 65 मिमी, पुटकी में 57.2 मिमी और राजधनवार में 48.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी.

राजधानी में दो घंटे लगातार बारिश
रांची के कांके रोड, कांके, रातू रोड और बरियातू सहित कई इलाकों में रविवार की दोपहर में भारी बारिश हुई. करीब दो घंटे तक लगातार बारिश होती रही. इससे कांके रोड सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. वहीं मेन रोड, धुर्वा और डोरंडा आदि इलाकों में हल्की बारिश हुई. एक जून से अब तक रांची में कुल 421.6 मिमी, जमशेदपुर में 328.8 मिमी, डाल्टनगंज में 313.9 मिमी, चाईबासा में 358.9 मिमी और बोकारो में 242.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है.

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *