Green Chandigarh: 5 हजार पौधों के साथ हरियाली की नई पहल, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने संभाली कमान

चंडीगढ़.

शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम की ओर से वन महोत्सव का शुभारंभ सेक्टर-38 में किया गया। कार्यक्रम में यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

वन महोत्सव के तहत स्कूल शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के करीब 1100 वालंटियरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगभग 5000 पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया। प्रशासक ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो शहर को अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रशासन के गृह सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान जारी रहेगा, ताकि हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सके और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

शाम को टैगोर थियेटर में आयोजन 
सेक्टर 38 में पौधारोपण करने के बाद शाम साढ़े 5 बजे टैगोर थियेटर सेक्टर 18 में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में स्कूल में संचालित इको क्लब के इंचार्ज स्टूडेंट्स के साथ बुलाए गए है। कार्यक्रम में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुझे अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *