अटल नगर फ्लैटों का आवंटन पूरा, वेलनेस सिटी के किसानों को भी मिले 125 भूखंड

लखनऊ
 एलडीए ने बुधवार को अटल नगर योजना के 808 फ्लैटों का लाटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स आडिटोरियम में लाटरी ड्रा में 4469 आवेदकों के मध्य फ्लैटों की पर्चियां निकाली गई। नायरा ने बताया कि उन्होंने बड़ी उम्मीद से आवेदन किया था और उनका नाम आ गया। ऐसे ही कैलाश मिश्रा भी गदगद दिखे।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना में वन बीएचके और टू बीएचके के 2,496 फ्लैट्स हैं। 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू है। एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट के साथ स्वच्छ जल व विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग की सुविधा का प्रविधान किया है।

उन्होंने बताया कि योजना में वन बीएचके के 135 और टू बीएचके के 673 फ्लैट शेष थे। जिसके लिए 18 अप्रैल से 18 मई के मध्य आनलाइन पंजीकरण खोला गया था। इसमें वन बीएचके के भवनों के लिए 1666 और टू बीएचके के भवनों के लिए 2803 आवेदकों ने पंजीकरण कराया था।

अपर सचिव ने बताया, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स आडिटोरियम में 4469 आवेदकों के मध्य फ्लैटों का लकी ड्रा हुआ। जिसमें खुले मंच पर आवेदकों को बुलाकर उन्हीं के हाथों से ही लाटरी ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयी। 808 परिवारों को हाउसिंग स्कीम में अपने सपनों का आशियाना मिल गया है।

वेलनेस सिटी के 59 किसानों को 125 भूखंड आवंटित
एलडीए ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के वीआइपी लाज में वेलनेस सिटी योजना के लिए किसानों को 125 भूखंड आवंटित किया। यह योजना लैंड पूलिंग के माध्यम से आकार लेगी। वेलनेस सिटी के लिए 59 किसानों ने जमीन दिया था, उन्हें 125 भूखंड दिए गए। किसानों को 288 वर्ग मीटर के 86, 200 वर्ग मीटर के चार, 162 वर्ग मीटर के पांच, 128 वर्ग मीटर के नौ, 72 वर्ग मीटर के सात और 35 वर्ग मीटर के 14 आवेदकों के मध्य लाटरी का आयोजन किया गया था।

1200 एकड़ की योजना में जमीन 5100 रुपये प्रति वर्ग फीट
एलडीए की सुलतानपुर रोड स्थित 1200 एकड़ की वेलनेस सिटी में भूमि का दाम तय हो गया है। यह योजना सबसे महंगी होगी। एलडीए ने आवासीय भूखंडों के 5100 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से दाम तय किया है, जबकि बीकेटी स्थित नैमिष नगर योजना में 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट और आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित वरुण विहार योजना में 3200 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से भूखंड बिक्री किए जाएंगे। इसी तरह से सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कालेज के पास कब्जा मुक्त कराई 16 हजार वर्गमीटर भूमि पर चंद्रिका अपार्टमेंट में 900 फ्लैट बनेंगे।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *